यमुनानगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने गौ मांस के साथ आरोपी राशिद उर्फ दाऊद को गिरफ्तार किया है। आरोपी दाऊद से 70 किलो गोमांस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी दाऊद की आल्टो कार को भी कब्जे में लिया है। बुडिया गेट चौकी इंचार्ज अजय ने बताया कि टीम को गुप्त सुचना मिली थी की चुन्ना भट्टी निवासी राशिद उर्फ दाऊद गौ मांस बेचने के लिए कार में जगाधरी की तरफ जायेगा। सूचना पर पुलिस टीम ने त्रिवेणी चौक पर जाकर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में एक अल्टो कार छछरौली की तरफ से आती दिखी।
टीम ने कार को जब रोका और कार की तलाशी ली तो कार में से 70 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। उसे 35 पॉलीथिन में बांधकर रखा हुआ था। हर पॉलीथिन में दो-दो किलोग्राम मांस था। पुलिस ने वहां से आरोपी को काबू किया और उस पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी दाऊद काफी दिनों से गौ मांस की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है की इसमें जांच चल रही है। इसमें और भी लोगो की गिरफ्तारी हो सकती है। जानकारी के अनुसार खिज्राबाद से इसके अन्य कई साथी गौकशी कर गौ मांस को बेचने का काम कर रहे थे। उनको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
