दिल्ली एनसीआर जहरीली गैस के चेंबर में तब्दील होने के साथ हरियाणा के कई जिलों में बढ़ता हुआ प्रदूषण खतरनाक साबित हो रहा है। बढ़ते प्रदूषण को लेकर लोगों को फिर से मास्क का सहारा लेना पड़ रहा है। पुरानी वाहनों और दीपावाली पर पटाखों के कारण भी पॉल्यूशन कहर बरपाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह शुद्ध हवा लेने के लिए निकलते हैं, लेकिन वातावरण शुद्ध हवा के लिए नहीं, बल्कि प्रदूषित हवा के लिए बन गया है। छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाई भी पर्यावरण पर प्रभाव डाल रही हैं।
दिल्ली एनसीआर सहित सोनीपत में भी इतना ज्यादा प्रदूषण बढ़ गया है कि विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और शाम के वक्त लोगों को वाहन चलाने में भी परेशानी हो रही है। सोनीपत में एयर क्वालिटी इंडेक्स से 455 पर पहुंच चुका है। वहीं दूसरी तरफ बढ़ता हुआ प्रदूषण लोगों के लिए खतरनाक हो रहा है। खासतौर पर सुबह के वक्त सैर करने वाले लोग शुद्ध हवा की बजाय जहरीली वायु सोंख रहे हैं। सोनीपत में रविवार को भी पर्यावरण में वायु प्रदूषण की चादर फैली हुई है।

आंखों में जलन और गले में खराश के बढ़ने लगे मरीज
लोगों का कहना है कि प्रतिवर्ष दीपावली के नजदीक मौसम तब्दीली के साथ-साथ पर्यावरण में भी भयंकर बदलाव देखे जाते हैं, लेकिन इस बार बेहद ज्यादा एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब हो रखा है। इसका सीधा असर बच्चे, बुजुर्ग और अन्य वर्गों पर देखा जा रहा है। बच्चे और बुजुर्गों के फेफड़े जहरीली हवा को सोंख रहे हैं।

हालात यह भी हैं कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे कक्षा में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, गले में खराश के मरीज बढ़ रहे हैं। बच्चों की आंखों से भी पानी टपकना शुरू हो जाता है। वहीं सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के नजदीक एनएच-44 पर भी भयंकर पॉल्यूशन देखा गया है, जहां पर विजिबिलिटी प्रदूषण के कारण काफी कम हो गई है।

कोरोना के बाद फिर मास्क का सहारा
लोगों का कहना है कि उन्हें सांस लेने के साथ-साथ कई प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है। सुबह के वक्त लोग मास्क लगाने के लिए मजबूर हैं। कोरोना के बाद लोगों के सामने फिर मास्क पहनने की स्थिति बनने लगी है।

एक्सपर्ट की मानें तो जहरीले वातावरण में घर से बाहर निकाल कर सैर करना खतरनाक साबित हो सकता है। विजिबिलिटी काफी जीरो हो गई है। लोगों का कहना है कि इस बार किसानों ने पराली बहुत कम जलाई है, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र में लगातार जहरीला धुआं निकल रहा है। इसके कारण भी प्रदूषण बढ़ रहा है।

