JJP leader Digvijay Singh Chautala

Sirsa : Digvijay ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पर चलाए तीखें बाण, Birender Singh को बताया बिना पेंदी का लौटा, चौटाला बोलें उचाना से ही चुनाव लड़ेंगे दुष्यंत

बड़ी ख़बर राजनीति सिरसा हरियाणा

हरियाणा के जिला जींद में हुई भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की रैली डेढ़ माह बाद भी चर्चा में बनी हुई है। साथ ही भाजपा और जजपा नेताओं की जुबानी के तीखें वार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालांकि बीरेंद्र सिंह और जजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग कई महीनों से चली आ रही है। भाजपा नेता बीरेंद्र सिंह जींद रैली ही नहीं, कई बार पत्रकारवार्ता के दौरान भी जजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा चुके हैं।

जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने सिरसा में पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पर पलटवार किया। दिग्विजय चौटाला ने बीरेंद्र सिंह की बातों को हास्यास्पद बताते हुए उनकी तुलना बिना पेंदी के लौटे से की है। उनका कहना है कि जो अपनी बात पर एक जगह न टिके, उसे बिना पेंदी का लौटा ही कहा जाता है। चौटाला का कहना है कि बीरेंद्र सिंह कभी कहते हैं कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना से चुनाव नहीं लड़ेंगे तो कभी वह उनके चुनाव लड़ने पर राजनीति छोड़ने और भाजपा का साथ छोड़ने जैसी बातें करते हैं। दिग्विजय चौटाला ने दावा किया है कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना से ही चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि भाजपा नेता बीरेंद्र सिंह ने अक्तूबर माह में जींद में बड़ी रैली कर जननायक जनता पार्टी पर खुलकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं, बीरेंद्र सिंह ने प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन बना रहने पर पार्टी छोड़ने की चेतावनी दी थी। बाद में जजपा नेताओं ने भी बीरेंद्र सिंह के बयान पर उन्हें आड़े हाथों लिया था। अब दिग्विजय चौटाला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की तुलना बिना पेंदी के लौटे से की हैं। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना सीट से ही चुनाव लड़ेंगे, यह स्पष्ट कर चुके हैं।

Whatsapp Channel Join

दिग्विजय चौटाला

इस दौरान दिग्विजय सिंह चौटाला ने कालांवाली हलके के गांव छतरियां, रघुआना, फग्गू, जलाना और सुचान का दौरा किया और ग्रामीणों को सिरसा लोकसभा की नवसंकल्प रैली का न्योता दिया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जजपा की ओर से 8 दिसंबर को डबवाली की अनाज मंडी में होने जा रही सिरसा लोकसभा की नवसंकल्प रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि रैली के जरिए पार्टी अपने संगठन की ताकत दिखाएगी।

दिग्विजय चौटाला का कहना है कि जजपा की नवसंकल्प रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जजपा के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव किलियांवाली में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. प्रकाश सिंह बादल की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।