रेवाड़ी जिले में ठंड के साथ कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। लगातार दूसरे दिन भी सड़कों पर घना कोहरा दिखाई दिया। जिसके चलते विजिबिलिटी भी 30 मीटर से कम रही। कोहरे के कारण सुबह के वक्त वाहनों के पहियों के ब्रेक लगता भी दिखाई दिया। साथ ही धुंध का असर ट्रेन और रोडवेज बसों पर भी पड़ा है।
वीरवार सुबह से दोपहर तक रेवाड़ी जिले में घना कोहरा बना रहा। इसके बाद करीब 3 बजे तक बारिश शुरु हुई। बारिश करीब पौने घंटे तक होती रही इतनी ही देर की बारिश ने जिले में सर्दी बढ़ा दी है। सुबह से सड़कों पर धुंध छाई रही। इसकी वजह से यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने बारिश और कोहरे की संभावना पहले ही बता दी थी। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट हुई है।
आगे ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद धुंध और ज्यादा बढ़ सकती है। वहीं, रात के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। आने वाले दिनों में तापमान में और ज्यादा गिरावट होगी। दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम पारा 13 डिग्री तक पहुंच गया है। एक्यूआई 303 दर्ज किया गया है।
रबी की फसल को है बारिश से फायदा
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के बावल स्थित रीजनल सेंटर के निदेशक डॉ. धर्मबीर यादव ने बताया कि यह मौसम रबी की फसलों के लिए अच्छा है। जितनी ठंड बढ़ेगी उतना गेहूं और सरसों की फसल को फायदा होगा। खासकर दक्षिणी हरियाणा में गेहूं के साथ-साथ सरसों की फसल होती है। ऐसे में यह मौसम इन फसलों के लिए काफी बेहतर है।