आज पूरे हरियाणा में गुरनाम सिंह चढूनी के आह्वान पर सभी जिलों में 2 घंटे के लिए नेशनल हाईवे को जाम किया गया था। इस दौरान खुद को एक वकील बताने वाले व्यक्ति ने किसानों को खरी खोटी सुनानी शुरू की। इसके बाद अचानक से माहौल बदल गया। प्रदर्शनकारी किसानों और वकील के बीच गरमा गरम बहस हुई और नौबत धक्का मुक्की तक पहुंच गई।
पूरे प्रदेश में गुरनाम सिंह चढूनी के आह्वान पर सभी जिलों में 2 घंटे के लिए नेशनल हाईवे को जाम किया। किसानों के प्रदर्शन के बीच अचानक से एक वकील किसानों के बीच जाकर उन्हें खरी खोटी सुनाने लगा। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसान आपे से बाहर हो गए और उन्हें आरएसएस का वकील बताने लगे। वकील ने किसानों के बीच पहुंचकर कहा कि आपको रास्ता रोकने का कोई अधिकार नहीं है मुझे आगे जाने दीजिए।

किसानों का कहना था कि हमने 2 घंटे के लिए हाईवे जाम किया है। आपको आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बाद वकील आपा खो बैठा और किसानों को भली बुरी कहने लगा। इसके बाद किसानों ने वकील को घेर लिया और उसकी गाड़ी को पीछे धकेलने लगे। वकील का कहना है कि किसान गलत तरीके से हाईवे जाम कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन जिला यमुनानगर चढूनी ग्रुप के डायरेक्टर मनदीप रोड छप्पर का कहना है कि इस तरह के कुछ लोग माहौल बिगड़ने का काम करते हैं। यह आरएसएस का वकील है और यह बीजेपी के व्यक्ति हैं जो प्रदर्शन को खराब करना चाहते हैं। वकील और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच इस तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने दोनों को समझने की कोशिश की। काफी देर बाद वकील वापस अपनी कार लेकर वहां से चला गया।