(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। स्कूल की एकेडमिक डायरेक्टर अर्चना जैन और डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों के भविष्य की योजना बनाते हुए 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करियर काउंसिलिंग के लिए ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी का भ्रमण आयोजित किया गया।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को अध्यापक एमके झा, तरुण नंदवानी, नीरू चावला और रुबीना मलिक के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी ले जाया गया। जहां यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर विक्रम सिंह तोमर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें करियर संबंधी जानकारियां दी। विक्रम सिंह तोमर ने बताया कि यह यूनिवर्सिटी विश्व के प्रमुख 700 विश्वविद्यालय में शुमार पर है। जहां विद्यार्थियों के लिए सभी व्यवसायिक संकायों की पढ़ाई एक छत के नीचे उपलब्ध है। कैंपस में करीब 12 हजार विद्यार्थी अलग-अलग प्रदेशों से आकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

इस दौरान विक्रम सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को उनके करियर के बारे में समझाया और विश्वविद्यालय की प्रमुख ग्लोबल लाइब्रेरी का भ्रमण भी कराया। उन्होंने शैक्षणिक भ्रमण करने पहुंचे विद्यार्थियों को अपने करियर का जल्द चयन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही करियर संबंधी विभिन्न सुझावों से अवगत कराया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सभी विद्यार्थियों से अलग- अलग विचार विमर्श किया और यूनिवर्सिटी के अलग-अलग संकायों के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी दी। जिससे डीडब्ल्यूपीएस के विद्यार्थी और अध्यापक भी काफी प्रभावित हुए।
तोमर ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता और एकेडमिक डायरेक्टर अर्चना जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम ऐसे शैक्षिक संस्थानों का अभिनंदन करते हैं, जो अपने छात्रों को इस तरह के कार्यक्रमों के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उनके भविष्य के लिए निरंतर चिंतित रहते हैं और उनका भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं। वह आशा करते हुए हैं कि हर विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में उच्च स्थान प्राप्त करें।

