हरियाणा के पानीपत में आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने भाजपा नेता Neeti Sen Bhatia के घर पर छापा मारा, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नीतिसेन भाटिया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं, के घर यह छापा क्यों पड़ा? क्या यह केवल हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में जमीन विवाद से जुड़ा मामला है, या इसके पीछे कुछ और बड़ा राज छिपा है?
सूत्रों के मुताबिक, ED काफी समय से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब स्थित फार्मास्युटिकल फर्म की जांच कर रही थी। इस सिलसिले में 7 दिसंबर 2024 को सिरमौर के डिप्टी कमिश्नर को फर्म और उससे जुड़ी संपत्तियों का विवरण देने के निर्देश दिए गए थे। जांच में भाजपा नेता नीतिसेन भाटिया के बेटे नीरज भाटिया और उनकी पत्नी महक भाटिया का नाम सामने आया।

भाजपा नेता के घर क्यों पड़ी रेड?
विदित हेल्थकेयर नाम की फार्मा फर्म से जुड़े जमीन सौदे को लेकर ED ने विस्तृत जानकारी जुटाई। इस फर्म के नाम पर किशनपुरा गांव में 6.04 बीघा जमीन दर्ज है, जो नीरज भाटिया के स्वामित्व में है। इसके अलावा, नवीन भाटिया के नाम पर भी इसी इलाके में 2.04 बीघा और 1.02 बीघा जमीन पाई गई है।

NCB ने पहले ही दबोच लिया था भाजपा नेता!
यह मामला तब और पेचीदा हो गया, जब पिछले साल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने भाजपा नेता नीरज भाटिया को गिरफ्तार किया था। उन पर कोडीन सिरप की अवैध बिक्री में शामिल होने का आरोप था। अगस्त 2024 में NCB ने दिल्ली में उनके घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं और 15 लाख रुपये नकद जब्त किए थे।
चूंकि, अधिनियम में दवाओं की अवैध बिक्री और खरीद से प्राप्त संपत्तियों को फ्रीज करने और जब्त करने का प्रावधान है, इसलिए NCB ने पांवटा साहिब के राजस्व अधिकारियों से संपत्ति का विवरण मांगा था। 24 अप्रैल 2020 को की थी मोदी ने नीतिसेन से फोन पर बात

नीतिसेन भाटिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर का करीबी बताया जाता है। नीतिसेन भाटिया से PM मोदी फोन पर भी बात कर चुके हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर करीब 9 माह पहले नीतिसेन भाटिया के पोते की शादी में पहुंचे थे। इस दौरान संजय भाटिया भी उनके साथ थे।
कोरोना काल में 24 अप्रैल 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के सदस्य नीतिसेन भाटिया को सुबह 9 बजे फोन कर हालचाल जाना था। फोन कर हरियाणा और भाटिया परिवार का हालचाल पूछा था। दोनों के बीच करीब 3 से 4 मिनट बात हुई थी। इस दौरान न सिर्फ पारिवारिक बातचीत हुई, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य, कानून सेवाओं और जनता के बारे में जानकारी ली थी।

पानीपत में भी मिले मोदी
हाल ही में बीमा सखी योजना का शुभारंभ करने जब PM मोदी पानीपत आए थे, तब भी हेलीपैड पर नीतिसैन भाटिया से मुलाकात की थी।
अनेक बार मॉडल टाउन स्थित भाटिया भवन में नरेंद्र मोदी, मनोहर लाल खट्टर, नीतिसेन भाटिया बैठकें कर चुके हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रैली के दौरान जब PM मोदी पानीपत आए थे, तब पीएम कार्यालय से मोदी के स्वागत करने वालों की सूची में नीतिसेन भाटिया का नाम आगे था।
कौन हैं नीतिसेन भाटिया
नीतिसेन 1987 में पानीपत नगर पालिका के अध्यक्ष बने। कामकाज के मसले में हमेशा सख्त मिजाज रहे नीतिसेन ने सन 1991 और 1996 में पानीपत विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री व हरियाणा में भाजपा के प्रभारी के रूप में और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के रूप में नीतिसेन के साथ काम कर चुके हैं। इस दौरान भाटिया पानीपत भाजपा के अध्यक्ष थे।
करनाल लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद संजय भाटिया ने अपने मौसा नीतिसेन भाटिया का हाथ पकड़कर ही राजनीति में कदम रखा था। नीतिसेन भाटिया का परिवार पाकिस्तान के मुल्तान से आया था।