उत्तराखंड के जंगल घोटाले के मामला हरियाणा से भी जुड़ गया हैं। प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम पंचकूला में छापेमारी के लिए पहुंची। पंचकूला के सेक्टर 25 में डॉ. विवेक और डॉ. विक्रम के घर ईडी छापेमारी चल रही है। डॉ. विवेक और डॉ. विक्रम दोनों भाई हैं। उनके रायपुररानी स्थित अस्पताल में भी यह छापेमारी चल रही है। ईडी की टीमें सुबह 7 बजे से पंचकूला पहुंची थीं तब से लेकर अब तक यह छापेमारी जारी है।
प्रवर्तन निदेशालय उत्तराखंड के पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत से जुड़े कथित जंगल घोटाले मामले में हरियाणा के पंचकूला सहित दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है। फॉरेस्ट भूमि घोटाले में हो रही कार्रवाई। ईडी सूत्रों के मुताबिक फॉरेस्ट भूमि घोटाले मामले में ईडी कार्रवाई कर रही है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक रावत के मंत्री कॉर्बेट पार्क के पाखरों रेंज में टाइगर सफारी प्रोजेक्ट के लिए 169 पेड़ों की जगह 6 हजार पेड़ों की अवैध रूप से कटाई की गई थी। इसके अलावा पाखरो रेंज में अवैध निर्माण भी हुआ था।
इस मामले में रावत और तब के कुछ अधिकारियों और उनके करीबियों पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं। ईडी आज इसी मामले को लेकर छापेमारी कर रही है। इससे पहले अगस्त 2023 में विजिलेंस डिपार्टमेंट ने भी रावत के खिलाफ कार्रवाई की थी। 2022 में हरक सिंह रावत ने कांग्रेस में शामिल होते हुए भाजपा को छोड़ा। रावत 2019-20 में भाजपा सरकार में वन मंत्री थे। अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था। इसके बाद 2022 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। रावत के साथ उनकी बहू अनुकृति गुसाई ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया था।