हरियाणा में अवैध माइनिंग को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कई जिलों में दस्तक देते हुए छापा मार कार्रवाई की है। यह छापा सोनीपत, यमुनानगर और करनाल में कांग्रेस, भाजपा और इनेलो नेताओं के ठिकानों पर मारा गया है। बताया जा रहा है कि अवैध माइनिंग को लेकर मिल रहे इनपुट के बाद यह छापा मार कार्रवाई की गई है।
सोनीपत में ईडी की टीम ने कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के सेक्टर-15 और उनके सहयोगी सुरेश त्यागी के निवास पर छापा मारा है। ईडी के अधिकारी कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के घर माइनिंग को लेकर कागजात खंगाल रहे हैं। इस दौरान सोनीपत कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार भी अपने निवास पर मौजूद हैं। उनके घर के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि ईडी की टीम विधायक सुरेंद्र पंवार के निवास के अलावा उनके अन्य ठिकानों पर भी पहुंची है।

उधर यमुनानगर के पूर्व विधायक इनेलो नेता दिलबाग सिंह के घर और कार्यालय में ईडी ने छापा मार कार्रवाई की है। टीम में शामिल अधिकारी फिलहाल छानबीन कर रहे हैं। गौरतलब है कि दिलबाग सिंह यमुनानगर में इनेलो पार्टी से विधायक रह चुके हैं। इसके बाद दिलबाग सिंह वर्ष 2014 में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा से हार गए थे।

वहीं बताया जा रहा है कि करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा के निवास पर भी ईडी की छापा मार कार्रवाई हुई है। उनका यमुनानगर में खनन का कारोबार है। गौरतलब है कि मनोज वधवा ने वर्ष 2014 में इनेलो पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन वह अपनी जीत दर्ज नहीं करवा पाए। इसके बाद मनोज वधवा भाजपा में शामिल हो गए थे।

विधायक सुरेंद्र पंवार के घर पहुंचते ही ईडी की टीम ने न तो किसी को अंदर आने और बाहर जाने की परमिशन दी। टीम ने नेताओं के ठिकानों पर पहुंचते ही घरों को मुख्य दरवाजों को बंद करते हुए बाहर पहरा कड़ा कर दिया। इसके बाद ईडी की कागजातों की छानबीन में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान टीम माइनिंग की अवैध गतिविधियों के अलावा मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर भी छानबीन करेगी। सुरेंद्र पंवार के पास यमुना और अन्य क्षेत्रों में खनन के ठेके बताए जा रहे हैं। यह उनका मुख्य कारोबार है। इसके अलावा विधायक सुरेंद्र पंवार का परिवार एक शिक्षण संस्थान का भी संचालन कर रहा है। वहीं उनके सहयोगी सुरेश त्यागी के निवास पर भी ईडी की छानबीन जारी है।
