प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के जिला सोनीपत, यमुनानगर और करनाल में अवैध खनन मामले में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार और इनेलो के महासचिव अभय सिंह चौटाला के समधी दिलबाग सिंह और भाजपा नेता मनोज वधवा के निवास सहित अन्य ठिकानों पर छापा मार कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत यमुनानगर, सोनीपत, मोहाली, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और करनाल में इन नेताओं और उनसे जुड़ी इकाइयों के करीब 20 ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। बता दें कि धन शोधन का मामला पिछले दिनों यमुनानगर और आसपास के जिलों में हुए कथित अवैध खनन की जांच के लिए दर्ज की गई हरियाणा पुलिस की कई प्राथमिकियों से सामने आया है ईडी ने हरियाणा के यमुनानगर जिले में कथित अवैध खनन से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत वीरवार को तीन नेताओं और उनके सहयोगी के ठिकानों पर छापा मार कार्रवाई की है।

मनोज वधवा करनाल मेयर चुनाव में रहे बड़ा चेहरा
वहीं जिला करनाल में ईडी ने भाजपा नेता एवं मेयर प्रत्याशियों में प्रबल दावेदारी जताने वाले मनोज वधवा के सेक्टर-13 स्थित निवास पर छापा मारा है। इस दौरान अधिकारियों ने घर के अंदर और बाहर जाने वालों पर रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम सुबह 6 बजे मनोज वधवा के निवास पर पहुंची। टीम में शामिल अधिकारियों की ओर से अंदर रिकॉर्ड और अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई जारी है। माना जाता है कि करनाल के मेयर चुनावों में मनोज वधवा एक बड़ा चेहरा रहे हैं। उन्होंने पहले भी चुनाव लड़े हैं और अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर दी है।

वर्ष 2014 को सीएम मनोहर लाल को दे चुके हैं टक्कर
वर्ष 2019 में मनोज वधवा ने अपनी पत्नी आशा वधवा को मेयर उम्मीदवार के रूप में खड़ा किया था। इससे पहले वर्ष 2014 में वह खुद इनेलो की टिकट पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव हारने के बाद उन्होंने पाला बदलते ही भाजपा का दामन थाम लिया था। अब मनोज वधवा भाजपा में शामिल हैं और आगामी मेयर चुनावों की तैयारी के लिए कमर कस रहे हैं। इसके अलावा मनोज वधवा एक व्यापारी भी हैं और उनका यमुनानगर में माइनिंग का कारोबार है।