हरियाणा में आज से निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो जाएंगी। पंचकुला में राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह द्वारा आज सांय 4 बजे प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य में होने वाले नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के चुनावों का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
राज्य के 34 शहरों में चुनाव होंगे, जिसमें कलायत समेत कई प्रमुख शहरों को लेकर उम्मीदवारों और मतदाताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। चुनाव के ऐलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी, जो चुनावी प्रक्रिया को नियंत्रित करेगी।
हालांकि, पानीपत नगर निगम और सिरसा जिले की कालांवली नगर पालिका का चुनाव फिलहाल टल सकता है। इसके अलावा, सोहना नगर पालिका प्रधान, अंबाला और सोनीपत में मेयर के उपचुनाव भी होंगे।
हरियाणा सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में आश्वासन दिया था कि 4 जनवरी से पहले निकाय चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी और 4 फरवरी तक चुनाव संपन्न हो जाएंगे। लेकिन अब चुनावी प्रक्रिया में बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
एक चरण में होंगे चुनाव
पहले निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाने थे, लेकिन अब सरकार एक ही चरण में चुनाव कराने की रणनीति बना रही है। पहले चरण में तीन नगर निगम, तीन नगर परिषद और 20 नगर पालिकाओं के चुनाव होने थे, जबकि दूसरे चरण में पानीपत, हिसार, रोहतक और यमुनानगर सहित अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया था।
EVM से होगा मतदान
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने स्पष्ट किया है कि निकाय चुनाव EVM से कराए जाएंगे। इससे पहले 2022 में हुए निकाय और पंचायत चुनावों में भी EVM का इस्तेमाल किया गया था। हैदराबाद से आए इंजीनियरों की टीम ने EVM की जांच पूरी कर ली है।
भाजपा और आप में सीधी टक्कर
भाजपा ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह सभी निकाय चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) भी एमसी चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन परंपरागत रूप से पार्टी नगर निगम चुनाव अपने चिन्ह पर लड़ती रही है।