मुठभेड़

नूंह में पुलिस और गौ तस्करों की मुठभेड़, गोली लगने से बचे हेड कांस्टेबल, दो आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा नूंह

नूंह जिले में पुलिस और गौ तस्करों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई, जिसमें तावडू अपराध जांच शाखा (CIA) की टीम ने दो गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना उस वक्त हुई जब पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल कुतुबुद्दीन के सीने में गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे दोनों तस्करों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारा छापा, तस्करों ने की फायरिंग

पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सीलखो की पहाड़ी में दो आरोपी – सलीम (35) पुत्र जुम्मे निवासी पचगांव और साजिद (24) पुत्र इसाक निवासी नांगल मुबारकपुर थाना नगीना – गौकशी करने की तैयारी कर रहे हैं। जब पुलिस ने दबिश दी, तो आरोपियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।

Whatsapp Channel Join

हेड कांस्टेबल के सीने में लगी गोली, बची जान

मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल कुतुबुद्दीन सबसे आगे थे। आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई, जो उनके सीने में लगी। लेकिन सौभाग्य से उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध हथियार और गोवंश बरामद

पुलिस ने इस ऑपरेशन में 6 गोलियां चलाईं, जबकि आरोपियों ने 4 फायर किए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध देसी कट्टे, एक कारतूस, 4 खाली कारतूस, एक मिस कारतूस, एक चाकू, एक कुल्हाड़ी, 3 गाय और एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।

अन्य खबरें