हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। वे करनाल सीट से विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे थे। खट्टर ने यह घोषणा की, कि अब नायब सिंह सैनी को करनाल सीट की जिम्मेदारी संभालने का आदेश दिया है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया था। खट्टर को भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए टिकट देने की संभावना है।
बता दें कि मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा में ही इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने कहा काम को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। अभी तक हमारे मुख्यमंत्री चुनाव नहीं लड़े हैं, इसलिए उन्हें भी प्रदेश की किसी अन्य जगह से सेवा करने का मौका मिला तो मैं इस सदन के सामने घोषणा करता हूं कि मैं करनाल विधानसभा से इस्तीफा देता हूं। अब करनाल विधानसभा की देखरेख नायब सिंह सैनी करेंगे। मेरे जिम्मे संगठन की बात सुनना और उसे पूरा करना है। हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अभी तक विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। नियमों के अनुसार उन्हें किसी सीट पर चुनाव लड़ना पड़ेगा।

खट्टर के इस्तीफे के बाद तय हो गया है कि सीएम सैनी करनाल सीट से ही चुने जाएंगे। सैनी वर्तमान में कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद हैं। खट्टर ने घोषणा की है हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों का चयन बाकी है। सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम को भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए एक अतिरिक्त सूची जारी कर सकती है। जिसमें कुल 140 उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं।

