नगर निगम फरीदाबाद के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण में आज निगम मुख्यालय पर भोजन अवकाश के दौरान जबरदस्त प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एस.एम.डब्ल्यू एप से हाजिरी लगाने, सफाई कर्मचारियों के साथ हो रहे दुव्र्यवहार और स्थानांतरण जैसी समस्याओं के खिलाफ आवाज बुलंद की। इसके बाद, एक विशाल जुलूस निकालते हुए नारेबाजी करते हुए नगर निगम के अतिरिक्त निगम आयुक्त गौरव अंतिल को ज्ञापन सौंपा गया।
अतिरिक्त निगम आयुक्त ने निगम आयुक्त से चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया, लेकिन सफाई कर्मचारी यूनियन ने 26 मार्च को बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। यूनियन ने निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन और नगर निगम आयुक्त के घेराव का ऐलान किया है, जिसमें भारी संख्या में कर्मचारियों के जुटने की अपील की गई है।
सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर और सचिव महेंद्र कुडि़या ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों से नियमों के खिलाफ काम करवाया जा रहा है। सफाई मजदूर सेवा नियमों के अनुसार, एक कर्मचारी का कार्य क्षेत्र 600 मीटर तक सीमित होना चाहिए, लेकिन नगर निगम में कर्मचारियों से 2 किलोमीटर तक सफाई करवाई जा रही है। सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए फरीदाबाद को 10,000 सफाई कर्मचारियों की जरूरत है, लेकिन सिर्फ 3,000 कर्मचारी पूरे शहर का बोझ उठा रहे हैं।
यूनियन ने महिला सफाई कर्मचारियों को नगर निगम क्षेत्र में शामिल किए गए 24 गांवों में जबरन स्थानांतरित करने पर नाराजगी जताई।सरकार ने इस एप को ठेकेदारों के भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए बनाया था, लेकिन अब इसका इस्तेमाल सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के लिए किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को असुविधा हो रही है।
यूनियन के वरिष्ठ नेता श्रीनन्द ढकोलिया ने कहा कि सरकार के कुछ अधिकारी इस एप के जरिए सफाई कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। उन्होंने स्थानीय विधायकों, नगर निगम महापौर, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और अन्य जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
यूनियन ने 26 मार्च को निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन और निगम आयुक्त के घेराव की चेतावनी दी है। यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो उसी मंच से हड़ताल जैसे बड़े आंदोलन की घोषणा की जा सकती है।
प्रदर्शन की अध्यक्षता बलबीर सिंह बालगुहेर ने की और मंच संचालन नैन सिंह ने किया। इस मौके पर प्रमुख सफाई कर्मचारी नेताओं रणजीत सिंह, सुरेंद्र चौटाला, रवि छजलाना, इंदर चौटाला, कन्हैया मेंडवाल, धर्म सिंह मुल्ला और महिला नेताओं बीना देवी, शकुंतला देवी, संतोष, राजवती, शीला, सत्तो, गीता आदि ने भी अपने विचार रखे।