हरियाणा के Faridabaad जिले में साइबर अपराध पुलिस ने एक धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शेयर मार्केट में निवेश करने का झांसा देकर लोगों से पैसा ऐंठता था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला से कुल 26.35 लाख रुपए की ठगी की थी।
महिला को वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ा
पुलिस ने बताया कि 21 सितंबर को सेक्टर-84 की एक महिला को वॉट्सऐप पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को GEPL Capital Pvt. Ltd. कंपनी का वरुण मित्तल बताया। इसके बाद उसे 132-GEPL Elite Investor नामक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया गया। आरोपियों ने महिला को मोटे मुनाफे का लालच दिया और एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया, जिसमें उन्हें रोजाना स्टॉक खरीदने और बेचने की सलाह दी जाती थी।
स्टॉक और IPO में निवेश कराए गए 15.42 लाख
महिला ने स्टॉक और IPO में कुल 15.42 लाख रुपए का निवेश किया। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने 10.93 लाख रुपए कमीशन के नाम पर और वसूल किए, जिससे कुल ठगी की राशि 26.35 लाख रुपए हो गई।
पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने पहले कानपुर से रवि सिंह और यशकांत को गिरफ्तार किया। इसके बाद 24 जनवरी को दो और आरोपियों अंकुर श्रीवास्तव (लखनऊ) और संजय (पीलीभीत) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों ने फ्रॉड के लिए दिया अपना बैंक खाता
आरोपी रवि सिंह से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि वह नौकरी की तलाश में था और उसे किसी व्यक्ति ने कहा कि अपना करंट बैंक खाता दे दे, जिसमें फ्रॉड का पैसा आएगा। इसके बदले उसे 2 लाख रुपए मिले। वहीं यशकांत ने भी इसी तरह अपना खाता दिया और उसे 50 हजार रुपए मिले। दोनों आरोपियों के खातों में क्रमशः 10.93 लाख और 6.62 लाख रुपए आए थे।
पुलिस रिमांड पर आरोपियों से पूछताछ
पुलिस ने आरोपियों रवि सिंह और यशकांत को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया, जबकि अंकुर श्रीवास्तव को 3 दिन के रिमांड पर रखा गया। आरोपी संजय को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।