हरियाणा के Faridabad में शनिवार को एक गंदे नाले में एक व्यक्ति का शव मिला। शव देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंची और जांच शुरू की। शव फूलकर नाले में ऊपर आ चुका था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के सेक्टर 22 से गुजर रहे गंदे पानी के नाले में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिला। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक जेसीबी मशीन की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। शव पुरुष का था, लेकिन उसके पास से कोई पहचान संबंधी वस्तु नहीं मिली। मृतक की उम्र का अंदाजा भी अभी नहीं लगाया जा सका है। शव को पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।