http://citytehelka.in/faridabad-me-hospital-se-navjaat-bacche-ko-laker-mahila-hui-frar/

नवजात बच्चे को लेकर महिला हुई फरार, सीसीटीवी कैमरे में घटना हुई कैद

फरीदाबाद

हरियाणा के फरीदाबाद जिले से बादशाह खान अस्पताल में एक नवजात बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। बच्चा चोरी करने वाली एक महिला है जो बच्चे को ले जाती हुई सीसीटीवी में कैद हुई है। महिला चोर ने खुद को अस्पताल का स्टाफ बताया और बहाने से उस बच्चे के साथ खेलने लग गई।

दरअसल उत्तर प्रदेश के गांव थानपुर जिला बाराबंकी के रहने वाले सुनील ने बताया कि फिलहाल वह सूरजकुंड इलाके में स्थित अंगपुर डेयरी इलाके में किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी अनीता को रविवार रात को लेबर पेन हुआ। उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में रात को 2:00 बजे डिलीवरी कराने के लिए दाखिल कराया गया। उसी रात लगभग 3:36 पर उनकी पत्नी को बेटा हुआ। उनकी 2 बेटियां पहले हैं। बड़ी बेटी रोशनी 7 वर्ष और छोटी मोटी बेटी गरिमा की उम्र 3 वर्ष है।

महिला चोर ने खुद को बताया अस्पताल स्टाफ

Whatsapp Channel Join

सुनील के मुताबिक डिलीवरी के बाद से ही उनकी पत्नी, वह और उनकी मां रामदेई अस्पताल में ही बच्चों के साथ थे। रात 11:00 बजे के करीब एक महिला उनके पास आई और उसने बताया कि वह बीके अस्पताल के स्टाफ से है। इसके बाद महिला उनके आसपास ही पूरी रात रही। इस दौरान उसने बच्चे को भी गोद में लिया और खिलाया। फिर सुबह महिला ने उनकी मां रामदेई से कहा की वह अपनी बहू के कपड़े चेंज करा कर ले आए।

महिला चोर ने अकेली होने का उठाया फायदा

सुनील ने बताया कि इस दौरान वह खुद नीचे मुंह धोने के लिए गया हुआ था। बच्चे के पास वह महिला अकेली रह गई और इसी का फायदा उठाकर वह उनके बच्चे को लेकर फरार हो गई। लगभग 15 मिनट के बाद जब उनकी मां और उनकी पत्नी वापस बेड पर आए तो बच्चा बेड पर नहीं था।

इसके बाद उन्होंने बच्चा चोरी होने का शोर मचाया, लेकिन तब तक महिला बच्चे को लेकर फरार हो चुकी थी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी है और पुलिस महिला और उनके बच्चे की तलाश में जुटी है।

सिविल अस्पताल में बनाई गई कमेटी

बादशाह खान सिविल अस्पताल की पीएमओ सविता यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बच्चा चोरी होने की घटना के बाद उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सभी अस्पताल स्टाफ को तलब किया है। इसमें एक कमेटी बना दी गई है। जांच के बाद जिसका भी दोष पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।