हिसार के कंडूल गांव में सांप के काटने से एक किसान की मौत हो गई। किसान रात भर खेत में मृत पड़ा रहा। सुबह परिवार के लोग खेत में पहुंचे तो घटना का पता चला। किसान के शव को हिसार के नागरिक अस्पताल लाया गया। वहां पर उसके शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद शव को परिजनों के हवाले किया जाएगा।
मृतक की पहचान गांव कंडूल निवासी रामेश्वर के रूप में हुई है। मंगलवार रात को वह खेत में पानी लगाने के लिए गया था। वहां पर उसे सांप ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। रामेश्वर सुबह तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग उसे देखने के लिए खेत में पहुंचे। वहां वह मृत पड़ा हुआ था। जांच में पता चला कि उसे सांप ने काटा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को कब्जे में ले लिया।