Fatehabad में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड घोटाले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा दायर चार्जशीट के बाद किया गया। प्रदर्शन का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में भूना मोड़ पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में रिश्वत देकर अधिकारियों के कर्ज माफ कराए और यंग इंडिया लिमिटेड के जरिए अवैध रूप से संपत्तियां हथियाईं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को 90 करोड़ का लोन दिया, जिसे बाद में वाईआईएल (YIL) ने मात्र 50 लाख में खरीद लिया और दिल्ली स्थित हेराल्ड हाउस समेत करोड़ों की संपत्तियों पर कब्जा कर लिया। जोड़ा ने इस लेन-देन को धोखाधड़ी करार देते हुए कहा कि ईडी की चार्जशीट में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और सैम पित्रोदा समेत कई नेताओं के नाम हैं।
जोड़ा ने कांग्रेस पर देश को गुमराह करने और खुद को पीड़ित बताकर वास्तविकता से भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी के खिलाफ फतेहाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला जलाकर रोष व्यक्त किया।