हरियाणा के Fatehabad में हिसार रोड पर स्थित गांव खाराखेड़ी के पास शनिवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार मुक्तसर पंजाब निवासी 60 वर्षीय बलजीत सिंह, उसकी पत्नी 56 वर्षीय सुरजीत कौर, लखविंद्र सहित पांच लोग काम से दिल्ली गए हुए थे और आज दोपहर को वे दिल्ली से वापस मुक्तसर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही कार खाराखेड़ी के पास पहुंची तो कार हाईवे के डिवाइडर पर लगी जालियों से टकरा गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी के आगे बैठी एक महिला सुरजीत कौर की मौत हो गई जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। सभी को अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






