हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बेखौफ बदमाश सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में सरकार के साथ पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठते नजर आ रहे हैं। जिला कुरुक्षेत्र की सपड़ा कॉलोनी में बीती रात करीब 9 बजे पॉश चोरी करने आए बदमाशों ने फायरिंग करते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। इस दौरान बदमाशों ने सेवानिवृत्त महिला प्रिंसिपल को गोली मार दी। इस दौरान छर्रे लगने से प्रिंसिपल का पति भी घायल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
गौरतलब है कि हरियाणा में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष और ठेकेदार पर फायरिंग के बाद अब कुरुक्षेत्र में गोलियां चलने का मामला सामने आया है। यह घटना पूर्व विधायक एवं मंत्री अशोक अरोड़ा के घर के बिल्कुल पास की है। घटना की सूचना मिलते ही अशोक अरोड़ा और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि रविवार रात सपड़ा कॉलोनी निवासी एक दंपति एक कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रिंसिपल कमलेश कौशल और उनके पति अशोक कौशल रात का खाना खाने के बाद अपने घर को लॉक करके सैर पर गए हुए थे। जैसे ही वह 9 बजे घर पर पहुंचे तो घर का ताला खुला हुआ मिला। जब वह घर के अंदर गए तो दो युवक चोरी कर रहे थे।

इसके बाद दंपत्ति और चोरों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान घर के अंदर दो और बाहर एक चोर बाइक पर घूम रहा था। इस दौरान जब दंपति ने शोर मचाया और चोरों को पकड़ने की कोशिश की तो बाहर खड़े चोरों के एक साथी ने अंदर आकर फायरिंग शुरु कर दी। जिससे कमलेश को पेट और पैर पर गोली लगी। जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पास खड़े पति अशोक भी छर्रे लगने से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।

वहीं बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो बदमाश बाइक पर फरार होते दिखाई दिया। जिनके चेहरे पर रूमाल बंधा हुआ था। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया का कहना है कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।