cold wave

Haryana में कोहरे का कहर: शीतलहर के बीच सड़कों पर छाया अंधेरा, ठंड ने हिमाचल को भी दी मात

हरियाणा झज्जर पानीपत फरीदाबाद महेंद्रगढ़

Haryana में लगातार तीसरे दिन घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे हिसार, पानीपत, रोहतक, फरीदाबाद, झज्जर, सोनीपत, जींद, पलवल और महेंद्रगढ़ समेत कई शहर प्रभावित हैं। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर के बीच है, जिससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। सड़कों पर कोहरे की बूंदें गिरने से हल्की नमी भी बनी हुई है।

पंजाब के अमृतसर में हालात और भी खराब हैं, जहां कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य हो गई है। यहां रात 10 बजे के बाद से फ्लाइट्स की लैंडिंग पूरी तरह बंद करनी पड़ी। कुआलालंपुर से आने वाली फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट किया गया, वहीं मुंबई, दिल्ली और पुणे से आने वाली कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।

हरियाणा में ठंड ने हिमाचल प्रदेश को भी पीछे छोड़ दिया है। करनाल का दिन का तापमान 13.0 डिग्री रहा, जो कि कुफरी के 13.2 डिग्री से भी कम है। अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत जैसे 9 शहर मनाली से ज्यादा ठंडे हैं।

Whatsapp Channel Join

कोल्ड डे की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने करनाल और हिसार समेत हरियाणा के 10 शहरों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और पानीपत शामिल हैं। हल्की धूप से सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी और जींद में थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और पानीपत में पूरे दिन कोल्ड डे का असर रहेगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, जल्द होगी बूंदाबांदी
उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी के कारण ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने मैदानों में ठिठुरन बढ़ा दी है। हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 5 और 6 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

7 जनवरी के बाद से मौसम फिर से खुश्क रहेगा और उत्तरी हवाओं के चलते रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

अन्य खबरें