हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर से बड़ी हलचल होने जा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि बीरेंद्र सिंह की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन शनिवार को बीरेंद्र सिंह के समर्थकों ने जींद में पत्रकारों से बातचीत में इस बात के संकेत दे दिए हैं।
बीरेंद्र सिंह के समर्थक शिवनारायण शर्मा और सोमबीर पहलवान ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि भाजपा में बीरेंद्र सिंह और उनके कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है, इसलिए दो अक्तूबर को जींद में आयोजित हो रहे मेरी आवाज सुनो कार्यक्रम के मंच से बीरेंद्र सिंह बड़ा फैसला लेंगे। बीरेंद्र सिंह के समर्थकों का दावा है कि अब भाजपा को अलविदा करने का समय आ गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के समर्थकों ने कहा कि उनका नया ठिकाना कहा होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन उनकी प्राथमिकता कांग्रेस पार्टी ही रहेगी।
50 सालों से किसानों की हो रही अनदेखी, भाजपा ने नहीं सुनी आवाज
बीरेंद्र सिंह के समर्थकों का कहना है कि पिछले 50 साल से किसानों की अनदेखी हो रही है। बीरेंद्र सिंह हमेशा से ही किसान और कमेरे वर्ग की लड़ाई लड़ते आए हैं। भाजपा में उनकी आवाज को सही तरीके से नहीं सुना गया, इसलिए 2 अक्तूबर की रैली में बड़ा फैसला लिया जाएगा।
काफी समय से समर्थकों को एकजुट करने में जुटे हैं पूर्व केंद्रीय मंत्री
बता दें कि 2 अक्तूबर को जींद के एकलव्य स्टेडियम में मेरी आवाज सुनो कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पिछले काफी समय से बीरेंद्र सिंह और उनके समर्थक इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने विभिन्न जिलों में जनसभाएं आयोजित कर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास किया है।
पूर्व मंत्री के सांसद बेटे बाइक रैली निकाल लोगों को दे रहे आमंत्रण
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे सांसद बृजेंद्र सिंह भी बाइक रैली निकालकर लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने का आमंत्रण दे रहे हैं। गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह कांग्रेस पार्टी को छोड़कर ही भाजपा में शामिल हुए थे। उनकी धर्मपत्नी प्रेमलता भाजपा से विधायक रह चुकी हैं। उनके बेटे बृजेंद्र सिंह हिसार लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान में सांसद हैं।

