हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर कटाक्ष करते हुए बाप-बेटी के पार्टी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 यानि चुनावी वर्ष की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में हरियाणा का सियासी पारा हाई है। नेताओं का राजनीतिक दलबदल भी शुरू हो चुका है। इसी बीच जुबानी वार-पलटवार भी तेज हो गया है। कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस की गुटबाजी, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, चित्रा सरवारा के कांग्रेस में जाने और एक बार फिर शुरू हो रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के पार्टी बदलने पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह तो पुराने कांग्रेसी हैं। बता दें कि पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा सरवारा ने हाल ही में आम आदमी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा है। जिस पर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि वह पहले से ही कांग्रेस से हैं, कुछ समय के लिए आम आदमी पार्टी में सक्रिय हुए थे। कांग्रेस की आपसी गुटबाजी की वजह से इन्होंने पार्टी को छोड़ा था। चुनाव से पहले यह सब लोग इसी प्रकार से करते हैं। अगर इन्हें टिकट मिल जाए तो पार्टी इनके लिए मां समान है। यदि टिकट कट जाए तो वही पार्टी इनकी दुश्मन बन जाती है, ऐसा चलता ही रहता है।
अभय चौटाला के भ्रष्टाचार के आरोपों का करारा जवाब
कंवरपाल ने इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लगाए गए आरोप और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अधिकारियों को दोबारा लगाने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, वह कोर्ट में सिद्ध होना और उसमें आगे की प्रक्रिया सब कोर्ट का काम है। सब कुछ नियमानुसार सारा काम किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जहां तक भ्रष्टाचार की बात है, मुख्यमंत्री ने जीरो टॉलरेंस की बात की है। इस जीरो टॉलरेंस पर चलते हुए न सिर्फ छोटे अधिकारियों, बल्कि बड़े अधिकारियों जिन पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे, उन सब पर बड़ी कार्रवाई की है। यह पहली ऐसी सरकार है, जिसने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आज से पहले किसी सरकार में भ्रष्टाचार के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल की यात्रा से जनता को कोई संदेश नहीं, कांग्रेस में सभी नेताओं की अलग-अलग कांग्रेस
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि राहुल की यात्रा पहले भी जनता के बीच कोई संदेश नहीं छोड़ पाई और न ही अब छोड़ पाएगी। कांग्रेस की इस यात्रा का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने कुमारी शैलजा को भी उनकी प्रदेश स्तरीय यात्रा को लेकर घेरा। कंवरपाल ने कहा कि इसके लिए वह शैलजा को शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन जिस प्रकार कांग्रेस के अंदर गुटबाजी है, वह सबके सामने है। पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा ने कांग्रेस में शामिल होते समय कुमारी शैलजा से दूरी बनाकर रखी। कांग्रेस का यह माहौल किसी से छिपा नहीं है। कांग्रेस के अंदर ही नेताओं की अलग कांग्रेस चल रही है। जहां कुमारी शैलजा की अलग कांग्रेस है तो रणदीप सुरजेवाला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अलग कांग्रेस है। सभी नेता अपनी-अपनी कांग्रेस में काम कर रहे हैं और यात्राएं निकाल रहे हैं।