हरियाणा कांग्रेस पार्टी के पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने कहा कि भाजपा के दो ही कार्य हैं, धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करना। भाजपा ने पार्टी ने ओबीसी का कार्ड खेलते हुए ओपी धनखड़ को हटाकर नायब सिंह सैनी को प्रदेशाध्यक्ष चुना है। बत्रा ने कांग्रेस की गुटबाजी पर कहा कि जब समय आएगा, तब सभी एक मंच पर एकत्रित नजर आएंगे। भाजपा पार्टी वर्ष 2024 के चुनाव में डबल डिजिट भी नहीं कर पाएगी। उन्होंने पनौती वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री मैच देखने नहीं जाते तो वर्ल्ड कप 2023 में भारत की जीत संभव थी।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा मंगलवार को हरियाणा के जिला सोनीपत में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने रोहतक और सोनीपत में से ओबीसी के लिए एक सीट रखने की मांग की है। बत्रा ने भाजपा पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो धर्मनिरपेक्षता पर टिकी हुई है। हर किसी को समानता के हिसाब से हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में कांग्रेस की हार का कोई कारण जरूर था। भाजपा सरकार मौजूदा समय में हर मुद्दे पर पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो चुकी है, बेरोजगारी बढ़ रही है। आज किसान, मजदूर और व्यापारी हर वर्ग परेशान है।
कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में कर रहे काम
पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने भाजपा पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज अपनी समस्याओं को लेकर हर वर्ग को संघर्ष करना पड़ रहा है। किसान और विभिन्न वर्ग धरना देने पर मजबूर हैं। ऐसे में भाजपा पार्टी के दो ही कार्य रहते हैं, यह धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी समाज के लोगों को एक साथ लेकर चलने का काम केवल कांग्रेस पार्टी करती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं।
सुभाष बत्रा ने संगठन के मुद्दे पर भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी का कार्ड खेलते हुए ओपी धनखड़ को हटाकर सिंह नायब सिंह सैनी को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। उन्होंने नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश की खट्टर सरकार में नायब सिंह मंत्री रहे हैं। उन्होंने ओबीसी के लिए कोई भी काम नहीं किया है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत के साथ प्रदेश में आएगी।
दीवारें भी बोल रही भाजपा के खिलाफ, चार डिप्टी सीएम वाले हुड्डा के खुद के बयान
पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने कहा कि सभी कांग्रेसी नेता जल्द एक ही मंच पर आएंगे और किसी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कुमारी शैलजा 1 जनवरी से अपने कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा में करने जा रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी अपने अलग कार्यक्रम कर रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि दीवारें भी भाजपा के खिलाफ बोल रही हैं। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है और प्रत्येक विधानसभा में भ्रष्टाचार की खिड़कियां बढ़ गई हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा 2024 के चुनाव में डबल डिजिट भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चार डिप्टी सीएम बनाए जाने वाले बयान पर कहा कि बयान देने से कुछ नहीं होता। बयान हर कोई दे रहा है। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री का फैसला शीर्ष कमान लेगी, जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोल रहे हैं, वह उनके खुद के विचार हैं।
भाजपा सेंट्रलाइज्ड पार्टी, मंत्रियों की नहीं कोई वैल्यू
पूर्व मंत्री ने नायब सिंह सैनी द्वारा कांग्रेस खाली होने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सेंट्रलाइज्ड पार्टी बन चुकी है। मंत्रियों की कोई वैल्यू नहीं है। वहीं उन्होंने अनिल विज पर भी निशाना साधा और कहा कि अनिल विज ने गब्बर सिंह का किरदार कभी नहीं देखा है। एसपीजी की फाइलें 4 महीने से लंबित पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक डिसिप्लीन पार्टी है। भाजपा आज खुद को ईमानदार पार्टी बताती है, लेकिन यह सबसे भ्रष्टाचारी पार्टी है।
सुभाष बत्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज ज्यादातर बच्चे बेरोजगार घूम रहे हैं। पार्कों में बैठकर ड्रग्स का सेवन कर रहे हैं। पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में ड्रग्स की तस्करी हो रही है। वहीं उन्होंने व्यापारियों पर कहा कि व्यापारियों के पास काम नहीं है, लेकिन हरियाणा में सबसे ज्यादा जीएसटी लिया जा रहा है। बत्रा ने पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के जीत का दावा किया।
वर्ष 2024 में देश और प्रदेश में होगी कांग्रेस की सरकार
पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने देश के प्रधानमंत्री को पनौती वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने ठीक पनौती शब्द प्रयोग किया है। प्रधानमंत्री अगर मैच देखने नहीं जाते तो भारत की जीत संभव थी। ऑडियंस प्लेयर्स को बुस्टर करने का काम करती है। इस दौरान मोदी के नारों के कारण अटेंशन की डायरेक्शन चेंज हो गई। इसके चलते खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ने की बजाय घट गया। उन्होंने राजस्थान के चुनाव को लेकर हरियाणा में पब्लिक सिटी पर प्रदेश सरकार की जांच को लेकर भी आवाज उठाई है। सुभाष बत्रा का दावा है कि आने वाले 2024 में देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होगी। वहीं पांच राज्यों में भी कांग्रेस पार्टी ही अपनी सरकार बनाएगी। वर्ष 2024 के चुनाव की हरियाणा लीडरशिप करने का फैसला पार्टी हाईकमान करेगी।