फरीदाबाद के दशहरा मैदान में आयोजित भगवान राम कथा के नाम पर हुई बड़ी ठगी ने श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है। कथावाचक आचार्य संजय शास्त्री कार्यक्रम के पहले ही दिन अचानक गायब हो गए, जिससे आयोजकों और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी फैल गई।
यह आयोजन 23 से 31 मार्च 2025 तक दशहरा मैदान में होना था, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक कथा प्रस्तावित थी। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए 1 अप्रैल को श्याम बाबा और माता रानी का जागरण तथा 2 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन तय किया गया था।
आयोजन को लेकर शहर भर में बड़े राजनीतिक नेताओं के पोस्टर लगाए गए थे। इनमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और हरियाणा के कई मंत्रियों के नाम शामिल थे। इससे कथा के भव्य होने का माहौल बनाया गया था।
कार्यक्रम के पहले दिन सुबह कलश यात्रा निकाली गई, जिससे श्रद्धालु बेहद उत्साहित थे। लेकिन दोपहर बाद ही कथावाचक संजय शास्त्री का कोई पता नहीं चला।
टेंट हाउस मालिक से 5 लाख रुपए में टेंट बुक किया था और भुगतान के लिए 50 हजार का चेक दिया था। जब चेक बैंक में लगाया गया, तो वह बाउंस हो गया। बैंक ने बताया कि संजय शास्त्री का अकाउंट पहले से ही ब्लैकलिस्टेड है।
इसी तरह, डीजे वाले से 9 लाख रुपए में बुकिंग की गई थी, लेकिन उसे मात्र 5 हजार रुपए ही दिए गए। जब आयोजकों ने संजय शास्त्री से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा। अब हालात यह हैं कि श्रद्धालु निराश हैं और टेंट व डीजे वाले अपना सामान समेटकर वापस लौट रहे हैं।