Chandigarh भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की 2015 बैच की अधिकारी गीतांजलि खंडेलवाल ने चंडीगढ़ की नई पुलिस अधीक्षक (SP) का कार्यभार संभाल लिया है। अपने अनुशासन, सेवा और प्रभावशाली नेतृत्व के लिए जानी जाने वाली खंडेलवाल ने इससे पहले उत्तर और मध्य अंडमान जिलों में ढाई वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने पुलिसिंग के नए आयाम स्थापित किए।
गीतांजलि खंडेलवाल ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय सेना से की थी। उन्होंने कारगिल और द्रास जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं दीं। सेना में अपनी सेवा के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में कदम रखा और पुलिसिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अपनी पोस्टिंग के दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने एंटी-पोचिंग ऑपरेशंस चलाकर समुद्री ककड़ी जैसे कीमती जीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाई और विदेशी शिकारी मछुआरों पर सख्त कार्रवाई की। आईएसओ प्रमाणित पुलिस थाने: उनके कार्यकाल में सभी पुलिस थानों को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन मिला, जो उच्च गुणवत्ता वाले पुलिसिंग मानकों को दर्शाता है।
“जागृति” और “दिशा” जैसे अभियानों के तहत उन्होंने युवाओं को सशक्त किया और अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाई। गीतांजलि खंडेलवाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए FICCI एंटी-काउंटरफिटिंग एंड एंटी-स्मगलिंग अवार्ड 2023-24 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा, उन्होंने गौ-तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया।