कस्टम विभाग ने चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बार फिर दो यात्रियों से 1.07 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है। बता दें कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 2 माह पहले भी अवैध सोना बरामद किया गया था। इस मामले में एक दंपती को दुबई से सोना लाने के मामले में गिरफ्तार किया था। चंडीगढ़ कस्टम विभाग की ओर से 12 सोने के बिस्किट पकड़े गए थे। जिनकी वजन 1.04 किलो और कीमत 83 लाख रुपये बताई गई थी।
जानकारी मुताबिक दुबई से चंडीगढ़ आने वाली इंडिगो फ्लाइट जब 17 नवंबर को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंची तो वहां मौजूद कस्टम अधिकारियों को दो यात्रियों पर शक हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने यात्रियों की जांच की तो एक यात्री के पास से 3 सिल्वर कोटेड सोने के कड़े, 2 सोने की चेन बरामद की गई, जिनका वजन 750 ग्राम बताया जा रहा है। इनकी मार्केट वेल्यू 39.98 लाख है।

वहीं दूसरे यात्री की तलाशी से 1 सोने का बिस्किट और 5 सोने के कड़े बरामद हुए। जिनका वजन 1270 ग्राम बताया जा रहा है। इनकी मार्केट वेल्यू 67.71 लाख रुपये है। इस संबंध में कस्टम विभाग ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पकड़े गए लोग अभी तक सोने के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए हैं।