मिजोरम के राज्यपाल डॉ. जनरल वी.के. सिंह ने आज अपने पैतृक गांव बापोड़ा में पहुंचकर ग्रामीणों को खास सौगात दी। उन्होंने गांव में बने सावित्री देवी पार्क का उद्घाटन और महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने देश के विकास, सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 से पहले ही विकसित राष्ट्र बन जाएगा।
राज्यपाल डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि भले ही वह किसी भी पद पर रहें, लेकिन उनका गांव बापोड़ा से रिश्ता हमेशा अटूट रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका आभार जताया और कहा कि गांव और शहरों के विकास में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने एनआरआई मामराज सिंह द्वारा अपनी मां की याद में बनवाए गए सावित्री देवी पार्क का उद्घाटन किया और ग्रामीणों को इसकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी।
राज्यपाल वी.के. सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा हम सभी को त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने सनातन धर्म और भारत की अस्मिता को जीवित रखने का कार्य किया था। यह प्रतिमा देशभक्ति और एकजुटता का प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि किसान देश का पेट भरता है और सैनिक सीमाओं पर खड़ा होकर देश की रक्षा करता है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण को शुद्ध रखने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में विधायक योगेंद्र राणा, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश गोड़, राजपूत महासभा, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनिष नागपाल, एसडीएम महेश कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।







