● हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में पाकिस्तान फंडिंग विवाद, सिंगर मासूम शर्मा ने किया पलटवार
● गजेंद्र फोगाट के आरोपों पर मासूम शर्मा का तंज— “उसे PGI के वार्ड 14 में भर्ती करवा दो”
● हरियाणवी गानों में गन कल्चर को लेकर उठा विवाद, मुख्यमंत्री से मिले मासूम शर्मा
Haryana Music Industry: हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री में पाकिस्तान से फंडिंग के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के पूर्व OSD गजेंद्र फोगाट ने दावा किया था कि हरियाणवी गानों में गन कल्चर को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान पैसा दे रहा है। इस पर मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
मासूम शर्मा ने गजेंद्र फोगाट को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “वह पागल हो गया है, उसे रोहतक PGI के वार्ड 14 में भर्ती करवा देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि हरियाणवी कलाकार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उनकी लोकप्रियता के कारण उन्हें अच्छा पैसा मिल रहा है। पाकिस्तान कनेक्शन की अफवाह फैलाने वाले वे लोग हैं जिनके खुद के गाने नहीं चलते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “गजेंद्र फोगाट हरियाणवी इंडस्ट्री का फूंका हुआ कारतूस है, जो 20 साल पहले एक बार चला था, लेकिन फिर कभी नहीं चला।”
इस मामले में मासूम शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से भी मुलाकात की और बताया कि गलत गाइडेंस के चलते हरियाणवी गानों को हटाने की कार्रवाई की गई थी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
मासूम शर्मा ने आरोपों पर दी ये 3 दलीलें:
● गायक मेहनत कर रहे, उन्हें अच्छा पैसा मिल रहा: जो कलाकार अच्छा काम कर रहे हैं, वे 10 से 15 लाख रुपये कमा रहे हैं। कंपनियों और सोशल मीडिया प्लेटफार्म से अच्छी कमाई हो रही है।
● पाकिस्तान फंडिंग का दावा निराधार: उन्होंने कहा कि यह आरोप बिना किसी तथ्य के लगाए गए हैं और ऐसा कहने वालों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
● गन कल्चर के आरोप निराधार: उन्होंने साफ किया कि कलाकार सिर्फ अपनी क्रिएटिविटी के आधार पर गाने बना रहे हैं, किसी बाहरी शक्ति का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है।
गजेंद्र फोगाट ने लगाए थे ये आरोप:
गजेंद्र फोगाट का कहना है कि पाकिस्तान ने पहले पंजाब में नशा और गन कल्चर को बढ़ावा दिया, और अब वह हरियाणा को टारगेट कर रहा है।
● गन कल्चर वाले गानों के लिए मोटी रकम दी जा रही है।
● हरियाणा के कलाकार पैसे के लालच में गलत दिशा में जा रहे हैं।
● हरियाणवी कलाकार पंजाब की नकल कर रहे हैं, उनकी संस्कृति से कोई सरोकार नहीं।
इस विवाद के चलते हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री में हलचल मच गई है और कलाकारों व सरकार के बीच चर्चा का दौर जारी है।

