Gurugram भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर ग्रुप की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को गुरुग्राम में आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री अनिल विज समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, और संगठनात्मक नियुक्तियों पर गहन चर्चा की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए एजेंडा पेश किया। बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव में हरियाणा के नेताओं की भूमिका, सदस्यता अभियान की प्रगति और संगठनात्मक चुनाव की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि अब तक हरियाणा में 44 लाख सदस्य बनाए जा चुके हैं, जिनमें 41 हजार सक्रिय सदस्य हैं।
बैठक में ‘संविधान गौरव अभियान’ के विस्तार पर चर्चा हुई, जो पूरे एक वर्ष तक चलेगा। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम भी साल भर जारी रहेंगे।
भाजपा ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा की और इसे लागू करने के लिए बड़े कार्यक्रमों की योजना बनाई। भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जनवरी को जश्न मनाने का फैसला भी लिया गया। इस दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जन्मदिन भी है, जिसे कार्यकर्ता धूमधाम से मनाएंगे।
डबल इंजन से ट्रिपल इंजन की ओर
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार है, और नगर निगम चुनाव में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना भाजपा का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में किए गए वादों में से कई वादे पूरे कर लिए हैं और शेष वादे भी जल्द पूरे किए जाएंगे।
दिल्ली चुनाव में हरियाणा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हरियाणा के कार्यकर्ताओं की 32 विधानसभाओं में ड्यूटी लगाई गई है। इससे दिल्ली चुनाव में भाजपा की सफलता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने बैठक के दौरान तय कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने की उम्मीद जताई।