हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुग्राम(Gurugram) जिला में दुर्गा शक्ति-2(Durga Shakti) पर तैनात कांस्टेबल(Constable) विकास को हांसी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार(Arrest) किया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता की सेक्टर-33 स्थित फास्ट फूड की दुकान पर रेड न करवाने के बदले में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरों को इस बारे में शिकायत प्राप्त हुई जिसमें शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि आरोपी कांस्टेबल विकास द्वारा उसकी सेक्टर -33 स्थित फास्ट फूड की दुकान पर सीआईए गुरुग्राम की टीम द्वारा नशीले पदार्थ को लेकर रेड डाले जाने का डर दिखाया जा रहा है। मामले में आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता को कहा गया कि वह सीआईए गुरुग्राम के अधिकारियों के साथ साठ गांठ करते हुए उन्हें शिकायतकर्ता की दुकान पर रेड न डालने के लिए सहमत कर लेगा।
इसके बदले में वह 20000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है। मामले की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए एसीबी की टीम ने योजना बनाई और उसे 20000 रुपए की रिश्वत लेते हुए हांसी में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही की गई है। यह पूरी कार्रवाई गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता बरतते हुए की गई। इस मामले में सभी आवश्यक सबूत जुटाते हुए जांच पड़़ताल की जा रही है।





