Gurugram में थाने से 500 मीटर दूर रिश्वत लेते फंसे पुलिस कर्मी, चालक ने वीडियो बनाकर किया खुलासा

गुरुग्राम

जिला गुरुग्राम में कैब के चालक को चालान का डर दिखाकर पुलिस कर्मी द्वारा एक हजार रूपये की रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। जिसमें कैब चालक द्वारा पहले 500 रूपये देने चाहे, लेकिन पुलिस कर्मी ने 500 रूपये नहीं पकड़े और जब कैब चालक ने एक हजार रूपये दिए, तो पुलिस कर्मी ने तुरंत प्रभाव से पैसे पकड़ लिए।

चालक ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए दोनों पुलिसकर्मियों की रिश्वत लेते वीडियो बना ली और जिसे सिविल लाइन थाना प्रभारी को भेज दिया। पुलिस ने चालक से शिकायत लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ करप्शन एक्ट और अवैध उगाही करने की धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया, घटना थाने से महज 500 मीटर की दूर की है।

दोनों के खिलाफ केस दर्ज

Whatsapp Channel Join

जानकारी अनुसार कैब चालक मुरताज अली ने बताया कि मंगलवार को वह सिविल लाइन थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले थर्टी टू (32) माइल स्टोन के पास आए हुए थे। इसी दौरान पीसीआर राइडर पर तैनात 2 पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और गाड़ी के दस्तावेज चेक करने लगे। इस दौरान उन्होंने वर्दी न पहनने सहित कैब के कई दस्तावेजों में कमी बताते हुए 15 हजार रुपए का चालान काटने की बात कही। चालान से बचने के लिए एक पुलिसकर्मी ने कैब ड्राइवर से 2 हजार रुपए की मांग की, लेकिन ड्राइवर ने पहले 500 रुपए दिए और बाद में 1 हजार रुपए लेकर इन पुलिसकर्मियों ने उस ड्राइवर को छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम की ड्राइवर ने स्पाई कैमरे के जरिए वीडियो बना ली और सिविल लाइन थाना प्रभारी को भेज दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

गाड़ी में बैठने के बाद किया मामला सेट

चालक द्वारा बनाई गई वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि किस तरह से एक पुलिसकर्मी गाड़ी के दस्तावेज चेक करते हुए ड्राइवर को उसकी कैब में कमियां गिना रहा है, वहीं दूसरा पुलिसकर्मी ड्राइवर के पास खड़ा होकर सौदा तय कर रहा है। बात न बनती देख यह पुलिसकर्मी ड्राइवर पर हावी होने लगते हैं और उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहते हैं, ताकि गाड़ी को सिविल लाइन थाने ले जाया जा सके। गाड़ी में बैठने के बाद ड्राइवर द्वारा पुलिसकर्मी को 500 रुपए ऑफर किए जाते हैं, जिसे वह मना कर देता है, लेकिन अगले ही पल एक हजार रुपए लेकर मामले को सेटल कर यह पुलिसकर्मी कैब को छोड़ देते हैं।

कमिश्नर ने तुरंत प्रभाव से किया सस्पेंड

यह वीडियो जब ड्राइवर ने थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर पर भेजी तो जांच के दौरान पाया गया कि यह दोनों पुलिसकर्मी उनके थाने में पीसीआर राइडर नंबर 137 पर तैनात सिपाही सुरेश कुमार व एसपीओ शेर सिंह हैं, जिन्हें तुरंत ही थाने में तलब कर लिया गया। साथ ही चालक को थाने में बुलाकर उससे लिखित शिकायत ली गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस कमिश्नर को लगी तो उन्होंने तुरंत ही उन्हें सस्पेंड करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी और दोनों को जेल भेज दिया गया।