दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम फरुखनगर इलाके में असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या करने वाले चार आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मामला 28 जुलाई 2023 का है। जब शाम के समय असिस्टेंट प्रोफेसर प्रशांत क्लास खत्म कर अपने घर झज्जर की तरफ निकले तो फरुखनगर और याकूब नगर के बीच पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उनकी वाइफ को रुकवाया और उनके साथ मारपीट करते हुए उन पर फायर कर दिया।
इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर प्रशांत खेतों में भागे, लेकिन पीछा कर उन पर बदमाशों ने फायर कर दिया। जिनको घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
2 ने दिया घटना को अंजाम, 2 ने की रेकी
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर प्रशांत की हत्या के मामले में 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें सुरेंद्र, संजीव, कुलदीप और अक्षय है। जिसमें सुरेंद्र और कुलदीप ने मृतक का रास्ता रोक इस घटना को अंजाम दिया और बाकी दोनों ने रेकी की थी। एसीपी क्राइम ने बताया कि इन चारों से पुलिस ने दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी की कार भी बरामद कर ली है।
शक की बिनाह पर बनाया प्लान
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से मुख्य आरोपी सुरेंद्र की साली को मृतक असिस्टेंट प्रोफेसर प्रशांत ने ही नौकरी लगवाया था। आरोपी सुरेंद्र इसी को लेकर मृतक असिस्टेंट प्रोफेसर पर शक करता था कि वह उसकी साली से बातचीत करता है और उसकी साली के साथ उसका रिश्ता भी है। बस इसी की रंजिश रखते हुए आरोपी ने अपने साथियों के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। आरोपी का प्लान सफल भी हुआ।
आरोपियों को अदालत पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस
पकड़े गए आरोपियों में से आरोपी सुरेंद्र अपनी साली के लिए इतना पागल था कि उसे अपनी साली का किसी और से बात करना भी गवारा ना हुआ। बस इसीलिए उसने असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस सभी को जिला अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान पुलिस को आरोपियों से और भी कई खुलासे होने की उम्मीद है।

