हरियाणा के अंबाला में स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी के साथ ससुराल में प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति हर माह उसकी सेलरी हड़प लेता है और विदेश जाने के लिए 20 लाख रुपए की डिमांड करते हैं। इतना ही नहीं विवाहिता ने पति पर रंजिशन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के प्रयास करने के भी आरोप लगाए हैं। इसकी वजह से उसे शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
अंबाला के गांव कलारेहड़ी निवासी विवाहिता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करती है। 5 अक्टूबर 2009 को उसकी शादी अमन पैलेस अंबाला कैंट में सेक्टर-9 निवासी कुलबीर के साथ हुई थी। शादी पर 20 लाख रुपए खर्च किए थे। पति को दहेज के साथ-साथ 2 लाख रुपए कैश भी दिया था। शुरुआत से ही आरोपियों का व्यवहार ठीक नहीं रहा। छोटी-छोटी बातों पर ताने मारने लगे। पति ने बेल्ट व डंडे के साथ घर व पार्क में पीटा और उसका बेटा छीन लिया।
पंचायत के बाद कुछ दिन तक सुनवाई
पीड़िता ने बताया कि आरोपी पति सारी सेलरी हड़प लेते थे। पैसे मांगने पर मारपीट करने लगा। आरोपियों की इन्ही हरकतों को लेकर कई बार पंचायत भी हुई। आरोपी पंचायत के बाद कुछ दिन तक ठीक रहे,लेकिन उसके बाद फिर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शादी के बाद साल 2010 में बेटे और साल 2019 में बेटी को जन्म दिया। उस दौरान भी उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च किया, लेकिन आरोपी गाड़ी की डिमांड करने लगे। बेटी के बाद से उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे मारपीट करके घर से निकाल दिया।
सास-ससुर ने भी किया प्रताड़ित
उसने साल 2019 और 2021 में भी पुलिस को शिकायत सौंपी थी, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति कुलबीर, सास शीला चौधरी और ससुर समय सिंह ने भी प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सास ने सभी जेवर अपने कब्जे में लिए हुए हैं। आरोपी विदेश जाने के लिए 20 लाख रुपए की डिमांड करता है। सास-ससुर झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 406 व 498ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।