हरियाणा की अंबाला सेंट्रल जेल में तलाशी के दौरान नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद होने का मामला सामने आ रहा है। वहीं जेल प्रशासन ने गुप्त सूचना पर रेड की थी। इस दौरान 5 कैदी-बंदियों से 11 मोबाइल, 4 चार्जर, 3 सिम कार्ड और 78 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। जिसको लेकर सेंट्रल जेल के डीएसपी प्रिंस कुमार ने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे गुप्त सूचना के आधार पर इंचार्ज हैडवार्डर सुरेश कुमार को पता चला कि खाली पड़ी चक्की नंबर-9 के बाहर से 3 पैकेट फेंके गए हैं। चक्कर इंचार्ज ने इसकी सूचना डीएसपी नीलम को दी थी। जिसके बाद एक टीम गठित की गई।
जानकारी अनुसार डीएसपी प्रिंस कुमार ने बताया कि टीम ने कैदी रजत और हवालाती बंदी पुनीत को दीवार से कूदते हुए देखा। दोनों की तलाशी ली तो कैदी रजत के कब्जे से 2 मोबाइल और एक सिम कार्ड बरामद हुआ। यही नहीं दूसरे पैकेट से नशीली गोलियां मिली। पूछताछ में बताया कि यह 3 पैकेट बाहर से फेंके गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इनमें से 2 पैकेट बंदी कमलजीत, शुभम और ऋषभ को दिए हैं। टीम ने उक्त बंदियों को भी दबोचा। हवालाती बंदी कमलजीत से 4 मोबाइल, 2 चार्जर, 2 सिम कार्ड, हवालाती बंदी ऋषभ से 2 मोबाइल, 2 चार्जर और हवालाती बंदी शुभम से 1 मोबाइल, बंदी रजत व पुनीत से 2 मोबाइल और एक सिम कार्ड बरामद किया। 2 पैकेट से नशे की गोलियां भी बरामद हुई है।
78 नशीली गोलियां हुई बरामद
डीएसपी ने बताया कि कैदी रजत व हवालाती पुनीत से कुल 78 नशीली गोलियां बरामद हुई है। बलदेव नगर थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और प्राइसन्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

