cm manohar lal khattar

Haryana के मुख्यमंत्री का किसानों के दिल्ली कूच को लेकर बड़ा बयान, बोलें- हमें किसानों के दिल्ली जाने पर नहीं, उनके तरीकों पर आपत्ति

चंडीगढ़ पंचकुला बड़ी ख़बर हरियाणा

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां उन्होंने कहा कि दिल्ली जाना सबका लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन जाने से पहले मोटिव होना चाहिए। पिछले साल किसान आंदोलन में क्या हुआ था वो सबने देखा। सीएम ने किसानों के दिल्ली कूच को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि किसान आक्रमण करने जा रही एक सेना की तरह दिल्ली की ओर कूच करने की कोशिश कर रहे है। अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसानों का ये तरीका गलत है। उन्होंने कहा कि किसान सेना की तरह ट्रैक्टर ट्रॉली, अर्थ मूवर और एक साल का राशन लेकर आगे बढ़ रहे है।

खट्टर ने किसानों के दिल्ली चलो के आहवान पर कहा हमें उनके तरीके पर आपत्ति है। हमें उनके दिल्ली जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। ट्रेन, बस और उनके अपने साधन है। लेकिन ट्रैक्टर परिवहन का साधन नहीं है। यह एक कृषि उपकरण है। पंजबा सरकार उन्हें रोक सकती है लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। दिल्ली सरकार का कहना है कि वे किसानों के आंदोलन के समर्थन में है।

पंजाब के किसान अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए दिल्ली की ओर कूच करने के वास्ते शंभू और खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं। किसान नेताओं ने कहा कि वे केंद्र सरकार के साथ बैठक होने तक दिल्ली की ओर बढ़ने का कोई नया प्रयास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई केंद्र के प्रस्तावों के आधार पर तय की जाएगी। खट्टर ने अब निरस्त किए जा चुके कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के पहले के आंदोलन का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने एक साल तक टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर डेरा डाला और कई लोगों को परेशानी पहुंचायी। उन्होंने किसानों के ‘दिल्ली चलो’ आह्वान पर एक सवाल पर कहा आज भी कई वीडियो हैं जिसमें लोग अपील कर रहे हैं कि किसानों को रुक जाना चाहिए क्योंकि उनके कारोबार पर असर पड़ेगा।

Whatsapp Channel Join

दिल्ली जाने से नहीं किसानों के तरीके से आपत्ति है – सीएम मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें किसानों के तरीके पर आपत्ति है। हर किसी को राष्ट्रीय राजधानी जाने का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कैसे जाना है, क्या उद्देश्य है? इन चीजों को दिमाग में रखना चाहिए। तीन केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में एक बैठक के सवाल पर खट्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कोई रास्ता निकलेगा।

पंजाब के किसानों की समस्याओं का हल पंजाब को ही निकालना है- सीएम मनोहर लाल

इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने बिना नाम लिए पंजाब के सीएम भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब का अनुभव अभी नया-नया है। हरियाणा जैसी परेशानी झेलेगा, तब समझ आएगा। हमारा किसान संतुष्ट है या नहीं, यह तो पंजाब को देखना चाहिए। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि बॉर्डर सील होने से लोग परेशान होते हैं। पंजाब के किसानों की समस्याओं का हल पंजाब को ही निकालना है। पंजाब सरकार किसानों की समस्याओं को हल नहीं कर रही है।

सीएम ने कहा कि किसान अपनी समस्या पंजाब सरकार के सामने रखें उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान अपनी समस्या मान सरकार के सामने रखें और पंजाब सरकार उनकी समस्याओं को ठीक से सुने। हरियाणा सरकार भी किसानों को लाभ दे रही है। देसी गाय के गोबर से प्राकृतिक खेती करने के लिए हरियाणा में सरकार प्रोत्साहन राशि दे रही है। साथ ही बागवानी के लिए 140 करोड़ रुपए सरकार ने जारी किए हैं। किसानों से सरकार पराली खरीद रही है। सीएम ने बताया कि किसानों को कई योजनाओं में सब्सिडी दी गई है। मेरी अपनी मेरी विरासत योजना के तहत 25.10 करोड रुपए दिए गए हैं।