➤हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र दौरे पर, संगमेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा में शामिल हुए।
➤सीएम अपने विधानसभा क्षेत्र के आठ गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
➤प्रशासन ने सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के किए कड़े इंतजाम।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र जिले के दौरे पर हैं। सीएम पूरे दिन जिले में ही रहेंगे और अपने कार्यक्रमों के तहत धार्मिक और जनसंपर्क गतिविधियों में भाग लेंगे। दौरे की शुरुआत उन्होंने अरुणाय स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर से की, जहां वे सुबह करीब पौने 10 बजे पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में चल रही श्रावण मास की विशेष पूजा में मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया और भगवान शिव का जल व दूध से अभिषेक किया।
इस विशेष अनुष्ठान के तहत सीएम नायब सैनी 11 हजार बेलपत्रों से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। संगमेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के दौरान प्रतिवर्ष विशेष पूजा की जाती है, जिसमें अब तक कई बड़े नेता भाग ले चुके हैं। इस बार मुख्यमंत्री के आगमन से यह आयोजन और भी भव्य रूप ले चुका है। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मंत्री कृष्ण बेदी और विपुल गोयल भी इस विशेष पूजा में भाग ले चुके हैं।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के 8 गांवों का दौरा करेंगे। इनमें डंगाली, डीग, बीड़ कालवा, धनानी, गुढ़ी, जोगी माजरा, बकाली और निवारसी गांव शामिल हैं। इन गांवों में वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा करने के उद्देश्य से जा रहे हैं।
सीएम नायब सैनी के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अरुणाय में सड़कों की मरम्मत, सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई थीं। सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। सीएम का कार्यक्रम शाम 7 बजे तक गांवों में चलने की संभावना है, जिसके बाद वे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वे अपने क्षेत्र के मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। साथ ही श्रावण मास में धार्मिक आस्था के साथ जुड़कर जनसंपर्क को मजबूत कर रहे हैं।