हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विशेष कार्यकारी अधिकारी जवाहर यादव ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं उनके गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात भी सामने आ रही है। हो सकता है कि जवाहर यादव को अब हरियाणा भाजपा के प्रदेश संगठन में सेट किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ के जाने के बाद अब उनकी जगह सांसद नायब सैनी को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
सूत्रों अनुसार जवाहर यादव 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें पहले कार्यकाल में प्रदेश के कई मंत्रियों व विधायकों के विरोध के चलते सीएमओ से हटाया गया था। लेकिन अब जवाहर यादव को संगठन में महासचिव की जिम्मेदारी मिल सकती है। अभी तीन महासचिव पद हैं, जिनमें से एक पद पर नायब सैनी है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद महासचिव पद की जिम्मेदारी देख रहे पवन सैनी की छुट्टी हो सकती है। जवाहर यादव गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इस सीट पर पहले कार्यकाल में पीडब्लयूडी मंत्री रहे राव नरबीर भी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। इन दोनों के अलावा भाजपा के एक बड़े नेता की सक्रियता भी बादशाहपुर में देखी जा सकती है।
मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण के बाद सबसे पहली हुई थी तैनाती
जवाहर यादव हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन भी रहे हैं और वह भाजपा के प्रचार एवं संपर्क प्रमुख का कार्यभार भी देख चुके हैं। हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन पद पर कार्यकाल पूरा होने के बाद यादव को पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने प्रचार एवं संपर्क प्रमुख नियुक्त किया था। 2014 में जब भाजपा हरियाणा में सत्ता में आई थी तो जवाहर यादव पहले ऐसे व्यक्ति थे, जिनकी मुख्यमंत्री की शपथ ग्रहण के बाद सबसे पहली तैनाती हुई थी। पर उन्हें प्रदेश के कई मंत्रियों व विधायकों के विरोध के चलते सीएमओ से हटाना पड़ा था।

