हरियाणा के फरीदाबाद में चार्जिंग में लगे एक मोबाइल फोन की बैटरी फट गई। हादसे में सैलून का एक कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गया, वहीं 2 अन्य भी चपेट में आ गए। झुलसे युवक को बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार फरीदाबाद में रहने वाले 19 वर्षीय पुष्पेंद्र ने बताया कि वह मूलरूप से देवीसिंह का नंगला खैर जट्टारी जिला अलीगढ़ यूपी का रहने वाला है। वह एनआईटी फरीदाबाद के नंगला इलाके के पास स्थित सुंदर कॉलोनी में एक सैलून की दुकान में काम करता है। सोमवार देर शाम को आठ बजे के करीब सैलून में काम कर रहा था। रेडमी के मोबाइल फोन उसने कुछ महीने पहले ही सेकेंड हैंड खरीदा था, उसे चार्जिंग पर लगाया हुआ था। मोबाइल की बैटरी फटने के बाद बुरी तरह से झुलसे पुष्पेंद्र को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है, उसके साथ दो अन्य युवक भी हल्के से झुलास गए हैं।
जोरदार हुआ धमाका, लगी आग
पुष्पेंद्र ने बताया कि तभी मोबाइल में गैस निकलने जैसी आवाज आई और फिर अचानक से मोबाइल में जोरदार धमाका हुआ। मोबाइल की बैटरी फट गई और आग लग गई। उस आग की चपेट में वह भी आ गया। उसके कपड़ों में आग लग गई ओर वह बुरी तरह से झुलस गया।
डाक्टरों ने किया रेफर
पुष्पेंद्र के मुताबिक उसके साथ सैलून में बैठे दो कस्टमर भी आग की चपेट में आकर हल्के फुल्के झुलस गए। फिर उसे पास के एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए लेकर जाया गया। उसे काफी जलन हो रही थी, जिसके चलते उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां भी आराम नहीं लगा तो डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

