हरियाणा के फतेहाबाद स्थित टोहाना में भाखड़ा नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ है। महिला की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। साथ ही महिला की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार टोहाना के जैन समाधि रोड स्थित नहर में एक महिला का शव पुल के पास अटका हुआ मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद वन्य जीव रक्षा दल नवजोत ढिल्लों की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाला।
महिला ने सोने की बालियां और नोज रिंग पहनी हुई है। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए आसपास की पुलिस चौकी, थानों में सूचना भिजवाई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। महिला की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

