हिसार के न्योली कलां गांव के पास कैंटर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वही शुक्रवार को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान काबरेल निवासी जयबीर की मौत हो गई। काबरेल निवासी सुशील, मनोज नागरिक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने शव का पोस्टर्माटम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक के ताऊ के लड़के धर्मवीर सिंह ने बताया कि उसका चचेरा भाई जयबीर (40) अपने पड़ोसी सुशील और मनोज के साथ 12 अक्टूबर को बाइक पर हिसार गया था। शाम को तीनों वापस आते समय न्योली कलां गांव के बस अड्डा पर पहुंचे तो सामने आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
ड्राइवर घटना के बाद फरार
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ड्राइवर कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उन्हें नागरिक अस्पताल ले आया गया। वहीं जयबीर की गंभीर हालत को देखते हुए उससे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। लेकिन परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल में ले गए, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक जयबीर विवाहित था उसके एक लड़का और एक लड़की थी। जयबीर के पिता की मौत हो चुकी है। वह मेहनत मजदूरी करता था।