हिसार में एक युवक ने बुटीक की दुकान के बाहर आती-जाती महिलाओं से अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। जिसमें बुटीक संचालिका ने जब उसका विरोध किया तो युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मौके पर पहुंची डायल-112 टीम के सामने भी बुटीक संचालिका को युवक गालियां देता रहा। वहीं पुलिस उसे पकड़ कर शहर थाने ले आई।
जानकारी अनुसार गांव तलवंडी राणा निवासी युवती ने बताया कि वह बुटीक का काम करती है। उसकी हिसार की पूजा मार्केट में महान टेलर की बेसमेंट में दुकान है। दुकान के सामने एक लड़का गालियां दे रहा था। उसने उसे गालियां देने से रोका तो उसके साथ बदसलूकी करने लगा। वह दुकान के बाहर ही बैठ गया और बुटीक पर आने जाने वाली महिलाओं से बदसलूकी करता रहा। बार-बार समझाने पर भी वह नहीं माना। जिसके बाद डायल-112 पर कॉल कर सूचना दी गई।
पुलिस तो क्या, वह अपने बाप से भी नहीं डरता
बुटीक संचालिका ने बताया कि उसने युवक को कहा कि पुलिस बुलाती हूं तो युवक ने कहा कि पुलिस तो क्या, वह अपने बाप से भी नहीं डरता। परेशान होकर युवती ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची डायल-112 टीम के सामने ही उसे गालियां दी व बदसलूकी की।

