करनाल के मधुबन थाना क्षेत्र की बेटी ने अपने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट की गई। बच्चा न होने पर भी ताने दिए गए। इतना ही नहीं पति ने भी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध बनाने शुरू कर दिए। विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। चार साल से विवाहिता अपने मायके में रह रही है।
पंचायतें भी हुई, लेकिन पंचायत में भी विवाहिता के परिवार को बेइज्जत किया जाता। इतना ही नहीं राजीनामे के दौरान ससुराल वालों द्वारा खर्चे की राशि तक नहीं दी गई। ससुरालियों की प्रताड़ना से दुखी विवाहिता ने डीसी को मामले की शिकायत दी। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मधुबन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के डेढ़ साल बाद नहीं हुआ कोई बच्चा
विवाहिता ने बताया कि मई 2014 में सोनीपत के लहराडा गांव के प्रवीन कुमार के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के करीब डेढ़ साल बाद उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। लिहाजा ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। पहले बांझपन के ताने दिए जाते थे और उसके बाद मारपीट तक शुरू कर दी गई। कभी सास मारती तो कभी ननद, कभी जेठ मारपीट करता तो कभी नंनदोई। गाली गलौज की जाती। सोनिया का आरोप है कि वह बच्चे को जन्म नहीं दे पा रही थी। ऐसे में पति ने दूसरी महिला के साथ संबंध बनाने शुरू कर दिए। रोक टोक की जाती तो मारपीट की जाती थी। उसे ससुराल वालों ने घर से बाहर निकाल दिया। वह चार साल से अपने मायके में ही रह रही है।
जांच अधिकारी को भी सुनाया बहाना
ऐसा नहीं है कि ससुराल वालों को समझाने का प्रयास न किया गया हो। दो-तीन बार पंचायतें भी हुई थी। ससुराल वाले समझौता तो कर लेते थे, लेकिन पंचायत में ही बेइज्जती करते थे। बीती 15 अप्रैल को उसने मधुबन थाना में शिकायत दी थी। पुलिस ने ससुराल वालों को थाने में भी बुलाया था। जहां पर राजीनामे की बात हुई और एक मई तक 1.75 लाख रुपए देने की बात कही जब जांच अधिकारी ने ससुराल वालों को कॉल किया तो बारिश का बहाना बना दिया। ससुराल वालों की हिम्मत इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उन्होंने जांच अधिकारी को फोन पर कॉल किया और दो टूक जवाब दिया कि वे एक भी पैसा नहीं देंगे, जो करना हो कर लेना।
एसपी पर पहुंची शिकायत, मामला दर्ज
इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत डीसी को दी। डीसी के मार्फत शिकायत एसपी तक पहुंची और उसके बाद रविवार को मधुबन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।