कुरुक्षेत्र : सन्निहित सरोवर को अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने के लिए यहां महर्षि दधीचि की प्रतिमा स्थापित होगी। एडीसी अखिल पिलानी 48 कोस तीर्थ कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा व केडीबी मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने इसका सन्निहित सरोवर पर भूमि पूजन किया। इस प्रतिमा के पीछे सूर्य और साथ में भगवान इन्द्र और वज्र की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
अहम पहलू यह है कि इस प्रोजेक्ट पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से 1 करोड़ 30 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 से पहले पूरा करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। 48 कोस तीर्थ कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 1 करोड़ 30 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को दिसंबर माह यानी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने की थी 2 वर्ष पूर्व घोषणा
केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2 वर्ष पूर्व सन्निहित सरोवर पर महर्षि दधीचि की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के अनुसार ही कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्लेट फार्म बनाने के कार्य का शुभारंभ किया गया है।