1699266202

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और अभय सिंह के बीच 36 का आंकड़ा

महेंद्रगढ़ हरियाणा

2024 के लोकसभा चुनाव में तकरीबन 6 महीने का समय बचा है, ऐसे में चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले की नांगल चौधरी सीट से भाजपा के विधायक अभय सिंह भी 2024 में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। अपनी इसी मंशा के तहत वह 10 नवंबर को रैली करके अपनी ताकत दिखाने जा रहे हैं।

हरियाणा की अहीरवाल बेल्ट में गुरुग्राम के मौजूदा भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और अभय सिंह के बीच 36 का आंकड़ा है। एक ही पार्टी में होने के बावजूद दोनों की दूरियां जगजाहिर है। अभय सिंह ने अपनी रैली से जुड़े जो पोस्टर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं, उनमें राव इंद्रजीत सिंह की फोटो नहीं है। दरअसल 2 बार के विधायक अभय सिंह इस बार विधानसभा से 6 महीने पहले होने वाले लोकसभा चुनाव में उतरना चाहते हैं। वह रैली के जरिये अपनी ताकत दिखाकर हाईकमान के सामने खुद को अहीरवाल बेल्ट में राव इंद्रजीत के ऑप्शन के रूप में पेश करने की जुगत में हैं। वह चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक ये भी दिखाना चाहते हैं कि अहीरवाल बेल्ट पर उनकी कितनी पकड़ हैं। अभय सिंह ने रविवार को ही दिल्ली में हरियाणा भाजपा के प्रभारी बिपल्ब देव से भी मुलाकात की।

सोशल मीडिया पेज पर पोस्टर जारी कर दिया न्योता
अभय सिंह ने अपने सोशल मीडिया पेज पर 22 अक्टूबर को रैली का पोस्टर जारी कर लोगों को इसमें पहुंचने का न्योता दिया। इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लब देव, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और भाजपा तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ की फोटो लगी है। भाजपा हाईकमान ने 27 अक्टूबर को ओपी धनखड़ की जगह कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को नया प्रदेशाध्यक्ष बना दिया। अभय सिंह की रैली के पोस्टर पर नायब सिंह सैनी की फोटो अपडेट नहीं हुई है।

रैली का मकसद 9 साल की उपलब्धियां बताना
अभय सिंह रैली में भीड़ जुटाने के लिए इन दिनों जनसंपर्क में जुटे हैं। वह नांगल चौधरी के साथ-साथ आसपास के दूसरे विधानसभा इलाकों में जाकर भी लोगों को रैली में आने का न्यौता दे रहे हैं। हाल ही में वह अटेली विधानसभा के तहत आते गांव दोंगड़ा अहीर पहुंचे। अभय सिंह कहते हैं कि उनकी रैली का मकसद लोगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई वाली हरियाणा सरकार की 9 साल की उपलब्धियां बताना है।

राव इंद्रजीत के दबदबे से असहज महसूस करते है
अहीरवाल बेल्ट में एक तरह से अहीर नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई का आगाज हो चुका है। भाजपा हाईकमान यहां राव इंद्रजीत के विकल्प के रूप में पहले ही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को एक्टिव कर चुका है। दरअसल भाजपा के कई नेता दक्षिण हरियाणा में राव इंद्रजीत के दबदबे से असहज महसूस करते हैं। ऐसे में अभय सिंह के मैदान में कूदने से ये जंग और रोचक व तेज हो जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारी के रूप में शुरू की सेवाएं
अभय सिंह ने वर्ष 1987 में हरियाणा सिविल सर्विस की परीक्षा पास कर प्रशासनिक अधिकारी के रूप में सेवाएं शुरू की। 2001 में वह प्रमोट होकर आईएएस अफसर बन गए। 34 साल की सर्विस के बाद उन्होंने वालंटयरी रिटायरमेंट ले ली और पॉलिटिक्स में एक्टिव हो गए। 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर वह नांगल चौधरी से जीतकर विधायक बने। वर्ष 2019 में बीजेपी ने उन्हें दोबारा नांगल चौधरी से उम्मीदवार बनाया, जहां से उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इस बार वह लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *