हरियाणा के कई जिलों में रविवार को नगर निगम और नगरपालिका चुनाव संपन्न हुए। रोहतक, हिसार, गुरुग्राम, मानेसर, सोहना, पटौदी और फरुखनगर में मतदान हुआ। सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई और शाम 6 बजे पोलिंग बूथों के गेट बंद कर दिए गए। मतदान प्रक्रिया के दौरान कई जगहों पर झड़प, हंगामा और ईवीएम खराबी जैसी घटनाएं सामने आईं।
रोहतक नगर निगम और कलानौर नगरपालिका चुनाव में मतदान के दौरान कई घटनाएं हुईं। बलियाना गांव में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प: बूथ में घुसने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी परीक्षित देसवाल के भाई प्रशांत घायल हो गए। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राजेश बलियाना के भाई पर मारपीट का आरोप लगाया।
वार्ड 16 में EVM खराबी: भारतीय कन्या स्कूल में मेयर पद की EVM खराब हो गई। दो मशीनें बदली गईं, लेकिन वे भी काम नहीं कर सकीं। तीसरी मशीन आने में देरी हुई, जिससे मतदान बाधित हुआ। बाद में नई मशीन आने के बाद वोटिंग दोबारा शुरू हुई।
वोटर लिस्ट में नाम गायब: कांग्रेस उम्मीदवार मनोज वधवा की पत्नी आशा वधवा ने आरोप लगाया कि कई समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे और उन्हें मतदान से रोका गया। इस पर उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की।
गलत वार्ड नंबर से परेशान वोटर: कई मतदाता सही वार्ड की जानकारी न मिलने से इधर-उधर भटकते रहे, जिससे वे समय पर वोट नहीं डाल सके।
हिसार: 53.2% मतदान, फर्जी वोटिंग पर हंगामा
हिसार नगर निगम और नारनौंद नगर पालिका चुनाव में कुल 53.2% मतदान हुआ। सेक्टर 16-17 कम्युनिटी सेंटर में फर्जी मतदान के आरोप में बीजेपी उम्मीदवार डॉ. सुमन यादव के एजेंट ने निर्दलीय प्रत्याशी सुमन श्योराण पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया।दीवार फांदकर भागे युवक: जब इस पर हंगामा हुआ तो फर्जी वोटिंग करने पहुंचे कुछ युवक दीवार फांदकर भाग गए।
गुरुग्राम नगर निगम और अन्य नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गए, लेकिन कई जगहों पर गड़बड़ियां सामने आईं।
वार्ड 17 में फर्जी मतदान: पलड़ा के बूथ नंबर 380-381 पर मतदाताओं ने आरोप लगाया कि असली मतदाताओं को बूथ से बाहर निकाल दिया गया। जब लोगों ने इसका वीडियो बनाने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
हरियाणा के इन सभी नगर निगम और नगरपालिका चुनावों के नतीजे 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने स्ट्रॉन्ग रूम में EVM जमा कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

