पानीपत के सामान्य अस्पताल के शौचालय में बच्चे को जन्म देकर फरार होने वाली गर्भवती महिला का मामला सामने आया था, जो कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। गर्भवती महिला तीन लोगों (एक महिला व दो पुरुषों) के साथ अस्पताल में आई थी, पहले उन्होंने डिलीवरी के लिए जगह की तलाश की और फिर बाद में शौचालय में जन्म दे दिया। जिसके बाद वह मौका पाकर वहां से फरार हो गई।
बीते कल अस्पताल के शौचालय में बच्चा मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। सभी ने बच्चे की मां को तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी खंगाले तो पता लगा कि गर्भवती बच्चे को जन्म देने के बाद वहां से फरार हुई है। अब पुलिस सीसीटीवी के आधार पर गर्भवती का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

बच्चे को जन्म देने के बाद लावारिस छोड़ फरार हुई थी महिला
बता दें कि बीत कल पानीपत के सिविल अस्पताल में एक महिला प्रथम तल स्थित शौचालय में बच्चे को जन्म देने के बाद लावारिस छोड़कर फरार हो गई थी। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला और उसके तीमारदारों की खोजबीन में जुटी है। वहीं स्टाफ नर्स ने नवजात को एसएनसीयू वार्ड में दाखिल कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सुरक्षा कर्मियों ने दरवाजा खुलवाया तो डरी सहमी थी महिला
गर्भवती और उसके साथ आए तीमारदार ब्लॉक-बी के दूसरे तल पर पहुंचे। यहां पर महिला ने स्वयं को शौचालय में बंद कर लिया। करीब 15 मिनट तक वह शौचालय में रही। अनहोनी की आशंका पर उसके साथ आई महिलाओं ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने नहीं खोला।
इसके बाद साथ आई महिलाओं ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो महिला डरी सहमी बाहर आई।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जमा हुई भीड़
सुरक्षाकर्मियों ने उससे कारण पूछा तो वह बहाने बनाने लगी। फिर प्रसूता और उसके साथ आए तीमारदार चुपके से निकल गए। तभी शौचालय से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इससे पहले की लोग समझ पाते और प्रसूता को रोकते, वे फरार हो गई। उसके साथ आई महिलाएं व पुरुष भी निकल गए।
सीडब्ल्यूसी के सदस्य पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद सीडब्ल्यूसी के सदस्य डॉ. मुकेश आर्य और थाना शहर प्रभारी जाकिर हुसैन सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली। नवजात 2.6 किलोग्राम वजन है और फिलहाल स्वस्थ्य बताया जा रहा है। महिला प्रसूति वार्ड तक नहीं आई, इसलिए उसका नाम और पता रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सका है।