(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) हरियाणा के पानीपत जिले की समालखा विधानसभा सीट से कांग्रेसी विधायक धर्म सिंह छौक्कर रविवार को अपने आवास पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया, आतिशबाजी भी की गई। यहां विधायक ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
गौरतलब है कि करीब ढाई माह पहले कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर अपने आवास पहुंचे हैं। ईडी की रेड़ के बाद से वे बेटों सहित अंडरग्राउंड चल रहे थे। इसके बाद गुरुग्राम कोर्ट ने उनके गैर जमानती वारंट जारी किए थे। जिसके बाद विधायक ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने विधायक को राहत देते हुए गिरफ्तारी पर स्टे किया था। तीन बार सुनवाई के बाद फिलहाल अस्थाई तौर पर गिरफ्तारी को टाल दिया है। इसी के बाद विधायक अपने आवास पर पहुंचे। इस दौरान काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धर्म सिंह छौक्कर जिंदाबाद के नारे लगाए।
छौक्कर ने कहा न्यायालय से मिला न्याय
धर्म सिंह छौक्कर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईडी की रेड के बाद उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और उन्हें न्याय भी मिला है। उन्होंने कहा अभी कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है, सच्चाई की हमेशा जीत होती है। धर्म सिंह छौक्कर ने कहा कि कोई कंपनी उनके नाम नहीं है और न किसी कंपनी में वो शेयर होल्डर हैं। न ही किसी एफआईआर में उनका नाम है। कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर ने कहा कि उन पर जो आरोप लगे हैं, उन्होंने उन आरोपों को हाईकोर्ट में चैलेंज किया है और उन्हें न्यायालय से न्याय मिला है। न्यायलय में सच्चाई की जीत होती है। हमारी भी सच्चाई की जीत होगी।
हरियाणा के उप मुख्यमंत्री होंगे धर्म सिंह छौक्कर : दलबीर खोखर
इस दौरान कांग्रेस नेता दलबीर खोखर ने धर्म सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि धर्म सिंह समालखा का शेर है। आने वाला समय कांग्रेस का है। हरियाणा में कांग्रेस के 80 से ज्यादा विधायक चुनकर विधानसभा में जाएंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा फिर से हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे और धर्म सिंह छौक्कर हरियाणा के उप मुख्यमंत्री होंगे। इस मौके पर यशपाल सहरावत, कार्तिक बंसल और साहब सिंह बंसल मौजूद रहे।
लोगों के ही विश्वास की पहली जीत
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धर्म सिंह छौक्कर ने कहा कि ये लोगों के ही विश्वास की पहली जीत है। वे झुक नहीं सकते हैं, बेशक कट जाएंगे। इसके बाद उन्होंने ईडी की जांच को भी सरकार के कहने पर की गई कार्रवाई करार किया है। यहां तक कि उन्होंने कहा कि वे रुकेंगे नहीं। हाथी चलता रहेगा, कुत्ते भौंकते रहेंगे।

12 अक्टूबर तक उनकी गिरफ्तारी पर लगा दी थी रोक
गौरतलब है कि इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने 12 अक्टूबर तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। वहीं ईडी की तरफ से दलील दी गई थी कि छौक्कर जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई मुख्य याचिका के साथ 12 अक्टूबर तक स्थगित कर दी थी। दरअसल गुरुग्राम कोर्ट ने करीब दो हफ्ते पहले ही तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। गुरुग्राम कोर्ट ने ये आदेश ईडी की याचिका पर दिए थे। छौक्कर और उनके दोनों बेटे ईडी द्वारा बार-बार बुलाए जाने पर भी जांच में शामिल नहीं हुए थे।
ज्वेलरी सहित कैश किया गया था सीज
ईडी पहले ही माहिरा इन्फोर्समेंट प्राइवेट लिमिटेड के गुरुग्राम ऑफिस सहित कुछ जगह को सील करने के नोटिस चस्पा चुकी है। ईडी द्वारा 4 करोड़ की कीमत की चार गाड़ियां, बैंक खाते, 14.5 लाख की ज्वेलरी, 4.5 लाख कैश भी सीज किया गया था। विधायक व बेटों पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है और तीनों करीब दो महीने से अधिक समय से फरार चल रहे हैं।
जांच में ईडी के हाथ कुछ खास नहीं लगा
ईडी ने 25 जुलाई को समालखा के कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समालखा व गुरुग्राम स्थित आवास पर दबिश दी थी। यहां तीन दिन तक चली जांच में ईडी को कुछ खास हाथ नहीं लगा था। उनकी गुरुग्राम स्थित कोठी से चार गाड़ियों को जब्त किया गया था। समालखा स्थित आवास पर उनके एक बड़े भाई थे। कोर्ट में ईडी द्वारा कहा गया है कि धर्म सिंह छौक्कर व उनका बेटा सिकंदर ईडी की जांच में शामिल नहीं हो रहे हैं। बाकी परिवार के सदस्य गुरुग्राम की कोठी पर थे। विधायक धर्म सिंह छौक्कर, उनके पुत्र सिकंदर और विकास फरार हो गए थे।