(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) : पानीपत के खंड समालखा की अनाज मंडी में वीरवार को जय हिंद कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. त्रिलोक शर्मा जौरासी, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा पानीपत के जिला प्रधान व पूर्व ब्लाक पार्षद और प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा जौरासी ने जय हिंद कल्याण मंच की स्थापना दिवस के अवसर पर जरूरतमंद लोगों को गर्म बिस्तर, जूते और चप्पल भेंट किए।
इस दौरान जय हिंद कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. त्रिलोक शर्मा जौरासी ने कहा कि जय हिंद कल्याण मंच देशभक्ति, देश सेवा और जरूरतमंद की भलाई के लिए बनाया गया है।हम हर साल 5 अक्टूबर को जय हिंद कल्याण मंच की स्थापना दिवस पर गरीबों को वस्त्र जूते चप्पल आदि भेंट करते हैं। हमने जय हिंद कल्याण मंच के सौजन्य से मेधावी छात्र सम्मान समारोह, भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह, स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह, खिलाड़ी सम्मान समारोह शहीद परिवार सम्मान समारोह कई बार समालखा में करवाए हैं।
प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा जौरासी ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। जरूरतमंद की सेवा ही ईश्वर की सेवा और पूजा-अर्चना है। हमें जरूरतमंदों की सेवा और सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करते समाज को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
देशभक्ति और गरीबों के उत्थान के निरंतर करता रहेगा कार्य
उन्होंने बताया कि जय हिंद कल्याण मंच की ओर से चार बार निशुल्क स्वास्थ्य कैंप भी लगाया गया है और आगे भी मंच देशभक्ति और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के निरंतर कार्य करता रहेगा। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी सत्यनारायण शर्मा किवाना, अजय शर्मा, अनुज शर्मा, अमन शर्मा व दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।